अब गांव-गांव पहुंचेगा ‘स्मार्ट डाकिया’, GPS से ढूंढेगा घर का रास्ता

देश के डाकघरों की तस्वीर अब बदलने वाली है। जिस डाक विभाग को कभी सिर्फ चिट्ठियों और मनीऑर्डर तक सीमित समझा जाता था, वही अब स्मार्ट तकनीकों से लैस होकर गांव-गांव में Amazon जैसी सुविधाएं देने की ओर बढ़ रहा है। केंद्र सरकार ने 5800 करोड़ रुपये की लागत से India Post के आधुनिककरण की बड़ी योजना पर अमल शुरू कर दिया है, जिसके तहत गांवों के डाकघरों को डिजिटल और स्मार्ट सेवाओं से जोड़ा जा रहा है।

अब गांवों में भी डाकिया GPS तकनीक से लैस होकर घर-घर पार्सल पहुंचाएगा। यानी जिस तरह ई-कॉमर्स कंपनियों के डिलीवरी एजेंट मोबाइल की मदद से आपका घर ढूंढते हैं, ठीक वैसे ही अब इंडिया पोस्ट का डाकिया भी स्मार्टफोन और डिजिटल ऐप की सहायता से आपके द्वार पहुंचेगा।

गांवों में बदलेगा डाकघर का चेहरा

संचार मंत्रालय के मुताबिक, इस योजना के तहत 1.56 लाख डाकघरों को आधुनिक बनाया जा रहा है। हर डाकघर में इंटरनेट कनेक्टिविटी, डिजिटल लॉजिस्टिक्स सिस्टम, और डाटा एनालिटिक्स जैसे फीचर्स को जोड़ा जाएगा। गांवों के डाकघरों को अब सिर्फ चिट्ठियां पहुंचाने की जगह, एक डिजिटल सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां से बैंकिंग, बीमा, ई-कॉमर्स और सरकारी सेवाओं तक की सुविधा मिलेगी।

डाक विभाग अब Amazon, Flipkart, Meesho जैसी कंपनियों से गठजोड़ कर पार्सल डिलीवरी का नेटवर्क तेज़ कर रहा है। खास बात यह है कि जिन गांवों में अब तक कोई कूरियर सर्विस नहीं पहुंची, वहां भी अब India Post के डाकिए पार्सल पहुंचाएंगे।

डाकिए के हाथ में स्मार्ट डिवाइस

नई व्यवस्था के तहत हर डाकिया अब एक स्मार्ट डिवाइस (मोबाइल या टैबलेट) से लैस होगा। इससे वे रीयल टाइम में लोकेशन ट्रैक कर सकेंगे, डिजिटल सिग्नेचर ले सकेंगे और डिलीवरी की पुष्टि भी तुरंत कर सकेंगे। साथ ही, ग्रामीणों को अब बैंक जाने की जरूरत नहीं—डाकिए के पास ही मोबाइल बैंकिंग की सुविधा होगी।

India Post का नया चेहरा

विशेषज्ञों का मानना है कि इस कदम से डिजिटल इंडिया मिशन को मजबूती मिलेगी और ग्रामीण भारत की अर्थव्यवस्था को बड़ा फायदा होगा। जहां पहले एक पार्सल पहुंचने में कई दिन लगते थे, वहीं अब डिलीवरी का ट्रैक रिकॉर्ड और समयबद्धता सुनिश्चित की जाएगी।

यह भी पढ़ें:

हाई बीपी बन सकता है कई गंभीर बीमारियों की वजह, न करें नजरअंदाज