मध्यप्रदेश के उज्जैन में एक बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए आज कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कुशासन में आदिवासियों से लेकर महिलाओं तक कोई सुरक्षित नहीं है।
श्रीमती वाड्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, भगवान महाकाल की नगरी उज्जैन में एक छोटी बच्ची के साथ हुई बर्बरता आत्मा को झकझोर देने वाली है। अत्याचार के बाद वह ढाई घंटे तक दर-दर मदद के लिए भटकती रही और फिर बेहोश होकर सड़क पर गिर गई लेकिन मदद नहीं मिल सकी।
उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि क्या ये मध्यप्रदेश की कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा है। भाजपा के 20 साल के कुशासन तंत्र में बच्चियां, महिलाएं, आदिवासी, दलित कोई सुरक्षित नहीं है। लाड़ली बहना के नाम पर चुनावी घोषणाएं करने का क्या फ़ायदा है, अगर बच्चियों को सुरक्षा और मदद तक नहीं मिल सकती?
वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने इस मामले में स्थानीय निवासियों पर भी सवालिया निशान लगाए हैं। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, उज्जैन मामले में अपराधियों को तत्काल गिरफ़्तार कर उन्हें सख़्त से सख़्त सजा मिलनी चाहिए। जिस क्षेत्र से यह बच्ची गुज़री है वहाँ के लोगों के लिए शर्म की बात है।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check