कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर मौकापरस्ती और लालच की राजनीति करने का आरोप लगाया है। खड़गे ने मंगलवार को बिहार की जनता के लिए एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि बिहार लोकतंत्र की जन्मभूमि है।
यहां कई महान नेता व स्वतंत्रता सेनानियों का जन्म हुआ है लेकिन बड़े दुख के साथ कहना पड़ता है कि आज इस भूमि पर लोग मौकापरस्ती और लालच की राजनीति कर रहे हैं। जो बिहार दुनिया को प्रकाश देता था, वह अब आया राम-गया राम, आया कुमार-गया कुमार की राजनीतिक प्रयोगशाला बन गया है।
खड़गे ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के साथ है। हमारे पैर छोटी-मोटी चीजों से डगमगाने वाले नहीं है। कोई रहे या जाए, हम अपने उसूलों को छोड़ने वाले नहीं हैं। हम में महात्मा गांधी, सरदार पटेल, राजेंद्र बाबू, मौलाना आजाद की रूह है। कांग्रेस पार्टी ने किसी को धोखा नहीं दिया है। महागठबंधन की सरकार ने वर्षों से विकास यात्रा को गति देने का प्रयास किया।
खड़गे ने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार के समय में बिहार के विकास के लिए दो लाख करोड़ रुपये दिए गए। इसमें छह पावर प्रोजेक्ट समेत कई बड़े काम हुए लेकिन मोदी सरकार में बिहार के साथ हमेशा सौतेला व्यवहार किया गया। जो मदद मिलती थी उसको भी बंद कर दिया।
उल्लेखनीय है कि खड़गे आज भारत जोड़ो न्याय यात्रा को संबोधित करने बिहार के पूर्णिया में जाने वाले थे लेकिन खराब मौसम के कारण अपना कार्यक्रम स्थगित कर दिया और बिहार के लोगों के लिए वीडियो संदेश जारी किया। इस संदेश में खड़गे ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जमकर आलोचना की।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check