सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर से निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने शुक्रवार को मुलाकात की। राजभर के आवास पहुंचे निषाद ने शिष्टाचार भेंट करते हुए उनका हालचाल जाना।
निषाद पार्टी के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार में मत्स्य मंत्री संजय निषाद ने ओम प्रकाश राजभर को पार्टी के होने वाले संकल्प दिवस कार्यक्रम का निमंत्रण दिया। माना जा रहा है कि इस दौरान दोनों नेताओं ने आने वाले लोकसभा चुनाव पर चर्चा की और एनडीए गठबंधन के साथ किस तरह से चुनाव में तैयार रहना है, इसको लेकर बातचीत की।
उल्लेखनीय है कि 13 जनवरी निषाद पार्टी द्वारा 11 वां संकल्प दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम लखनऊ रमाबाई अंबेडकर मैदान में होगा। संकल्प दिवस कार्यक्रम में देश भर से मछुआ समाज के लोग एकजुट होंगे और लोकसभा चुनाव से पूर्व संजय निषाद अपनी पार्टी का सियासी दमखम दिखाएंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को आमंत्रित किया गया है। इसके साथ ही यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी एवं परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह समेत अन्य अथितियों को आमंत्रित किया गया है।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check