नवी मुंबई में कृषि उपज बाजार समिति (एपीएमसी) के एक कारोबारी ने पुणे में स्ट्रॉबेरी की खेती करने वाली 39 वर्षीय महिला के साथ कथित तौर पर 5.7 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।नवी मुंबई के वाशी में रहने वाले आरोपी ने स्ट्रॉबेरी किसान से संपर्क कर उधार में फल की आपूर्ति करने की मांग की थी।
आरोपी के साथ पहली बार व्यापार करने के कारण महिला ने अपने एक रिश्तेदार से यह पता लगाने के लिए भी कहा था कि क्या आरोपी सही में वाशी एपीएमसी का व्यापारी है।एपीएमसी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि महिला ने जांच-पड़ताल कराने के बाद आरोपी कारोबारी को नवंबर 2022 से फरवरी 2023 तक 5.7 लाख रुपये के फलों की आपूर्ति की।
उन्होंने बताया कि आरोपी को कई बार माल के भुगतान के लिए कहा गया लेकिन उसने पैसे नहीं दिए। इसके बाद महिला ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शनिवार को व्यापारी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी) का मामला दर्ज किया।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check