राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने शुक्रवार को यहां नगालैंड राज्य स्थापना दिवस पर नगालैण्ड निवासियों से संवाद कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी।इस अवसर पर श्री मिश्र ने राजभवन संवाद करते हुए कहा कि एक दिसम्बर 1963 को भारत के सोलहवें राज्य के रूप में नागालैण्ड अस्तित्व में आया। यह प्रदेश भारतीय संस्कृति के जनजातीय गौरव से जुड़ा प्राकृतिक रूप से समृद्ध राज्य है।
उन्होंने कहा कि नगालैण्ड पूर्वोत्तर में अरुणाचल प्रदेश, दक्षिण में मणिपुर एवं पश्चिम तथा उत्तर-पश्चिम में असम और पूर्व में म्यांमार (बर्मा) से घिरा सुंदर प्राकृतिक प्रदेश है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय परम्पराओं से समृद्ध यह प्रदेश भारत की आदिवासी धरोहर को भी अपने में सहेजे हुए हैं।उन्होंने नगालैंड के विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनकी सांस्कृतिक परंपराओं के साथ प्रदर्शनकारी कलाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
राज्यपाल ने कहा कि एक भारत श्रेष्ठ भारत के तहत राज्यों के स्थापना दिवस मनाने का ध्येय यही है कि परस्पर एक प्रदेश दूसरे प्रदेश की संस्कृति से गहरे से जुड़ सके।इससे पहले उन्होंने संविधान की उद्देशिका और मूल कर्तव्यों का वाचन कराया। इस अवसर पर राज्यपाल के प्रमुख सचिव सुबीर कुमार भी मौजूद थे।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check