आईपीएल 2024 सीजन के बाद अमेरिका और वेस्टइंडीज में टी20 विश्व कप का आयोजन होना है। मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इस वैश्विक टूर्नामेंट के लिए भारत की 15 सदस्यीय टीम का हिस्सा हैं। मुंबई का सफर इस सीजन अच्छा नहीं रहा है और टीम लगभग प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई है। ऐसे में यह मांग उठ रही है कि विश्व कप से पहले बुमराह को थोड़ा आराम देना चाहिए क्योंकि वह टी20 विश्व कप में भारतीय टीम के लिए काफी अहम रहने वाले हैं। हालांकि, मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी कोच कीरोन पोलार्ड ने कहा कि टीम का तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आराम देने का कोई इरादा नहीं है।
बुमराह को आराम देने पर नहीं हुई बात
मुंबई ने सोमवार को सनराइजर्स हैदराबाद को सात विकेट से हराया जिसमें सूर्यकुमार यादव (नाबाद 102) ने आईपीएल में दूसरा शतक जड़ा। मुंबई की यह 12 मैचों में चौथी ही जीत थी। टी20 विश्व कप को देखते हुए बुमराह को आराम देने के सवाल पर पोलार्ड ने कहा, हमने इस पर कोई बात नहीं की है। मुझे नहीं लगता कि यह मेरा काम है लेकिन देखते हैं कि क्या होता है। हम सभी यहां पूरा आईपीएल खेलने के लिए हैं। हमारा लक्ष्य आईपीएल पूरा करना है। उसके बाद देखते हैं कि क्या होता है।
‘सूर्यकुमार पर नियंत्रण रखना कठिन काम है’
पोलार्ड ने कहा कि बल्लेबाजी कोच होने के नाते सबसे कठिन काम सूर्यकुमार जैसे बल्लेबाज से आक्रामक खेल पर नियंत्रण कराना है। उन्होंने कहा, वह स्वाभाविक तौर पर आक्रामक बल्लेबाज है। सूर्यकुमार हर गेंद को पीटन चाहता है। ऐसे में बल्लेबाजी कोच के लिए सबसे कठिन काम उसकी स्वाभाविक शैली को बदलना है। लेकिन बहुत ज्यादा नियंत्रण की भी जरूरत नहीं है क्योंकि आजकल क्रिकेट में इतने रन बन रहे हैं।
मुंबई का अब लखनऊ से सामना
मुंबई इंडियंस का सामना अब होम ग्राउंड पर 17 मई को लखनऊ सुपरजाएंट्स से होगा। मुंबई की टीम का सफर इस आईपीएल में ग्रुप चरण में ही समाप्त हो सकता है, ऐसे में अगर टीम प्रबंधन बुमराह को आराम देता है तो वह अमेरिका रवाना होने से पहले थोड़ी राहत की सांस ले सकते हैं।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check