मराठा आरक्षण को लेकर विपक्ष पर हमलावर हुए एकनाथ शिंदे

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि उनकी सरकार ने रिकॉर्ड समय में मराठा आरक्षण का वादा पूरा किया लेकिन विपक्षी गठबंधन ने राजनीतिक फायदे के लिए जिस समुदाय का इस्तेमाल किया, उसे ही आरक्षण से वंचित कर दिया।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने महा विकास अघाड़ी (एमवीए) पर निशाना साधा है। शिंदे ने कहा कि उनकी सरकार ने रिकॉर्ड समय में मराठा आरक्षण का वादा पूरा किया लेकिन विपक्षी गठबंधन ने राजनीतिक फायदे के लिए मराठा समुदाय का इस्तेमाल किया और इसे आरक्षण से वंचित कर दिया। उन्होंने कहा कि महायुति गठबंधन ने मराठा समुदाय को 10 प्रतिशत आरक्षण दिलाने के लिए लंबी लड़ाई लड़ी लेकिन महा विकास अघाड़ी ने इस पर रोक लगाने के लिए हर संभव कोशिश की।

एमवीए गठबंधन पर साधा निशाना
सीएम शिंदे ने कहा कि एमवीए गठबंधन के नेता मराठा समुदाय को सिर्फ अपने फायदे के लिए इस्तेमाल किया और उन्हें आरक्षण से दूर रखा। उन्होंने आगे कहा कि ‘मैंने छत्रपति शिवाजी महाराज की कसम खाई थी कि मराठाओं को 10 प्रतिशत आरक्षण दिला कर रहूंगा।’ मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने विशेष बैठकें बुलाईं, पिछड़ा आयोग का पुनर्गठन किया और एक व्यापक सर्वेक्षण किया, जिसके साबित हुआ कि मराठा समुदाय सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़ा हुआ है।

आरक्षण को लेकर विपक्ष की नीयत पर उठाया सवाल
एकनाथ शिंदे ने एमवीए पर निशाना साधते हुए कहा ‘जिन लोगों को यह काम करना था, उन्होंने वर्षों तक कुछ नहीं किया। अब जब हमने आरक्षण दे दिया है तो वे दावा कर रहे हैं कि आरक्षण नहीं टिकेगा।’ आरक्षण पर बोलते हुए शिंदे ने कहा कि इससे मराठा समुदाय लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष को लगता है कि आरक्षण नहीं टिकेगा तो इसका कारण भी बताएं।