महापौर ने नई सड़क पर पिंक टायलेट का किया लोकार्पण

नगर के व्यस्ततम क्षेत्र नई सड़क में बने पिंक टायलेट का उद्घाटन शनिवार को महापौर अशोक तिवारी ने किया। नई सड़क स्थित बंद सिनेमाहाल प्राची के ठीक सामने बने पिंक टायलेट से बाजार करने आई महिलाओं को आसानी रहेगी। लहुराबीर से गोदौलिया के बीच में कहीं भी महिलाओं के लिए शौचालय की सुविधा न होने से उन्हें काफी परेशानी होती थी।

घनी व्यापारिक क्षेत्र होने के कारण नित्य क्रिया और लघुशंका के लिए पुरुष भी परेशान दिखते थे। महापौर ने इस परेशानी के समाधान के लिए इस क्षेत्र में भूमि तलाश कर पिंक टॉयलेट बनाए जाने के लिए नगर निगम के अफसरों को निर्देशित किया था। नगर निगम के अफसरों ने प्राची सिनेमा हॉल के सामने स्थित कूड़ा घर विलोपित करते हुए उक्त स्थान पर पिंक शौचालय बनाने की कार्रवाई प्रारंभ की।

नवनिर्मित तथा आधुनिक सुविधाओं से परिपूर्ण इस पिक टॉयलेट में पांच सीट का शौचालय पुरुषों के लिए तथा तीन सीट का शौचालय महिलाओं के लिए बनाया गया है। पिंक टॉयलेट में यूरिनल की भी व्यवस्था की गई है, साथ ही महिलाओं की सुविधा के लिए सेनेटरी पैड मशीन तथा हैंड ड्रायर जैसी सुविधाओं के साथ सुसज्जित किया गया है।

पिक टॉयलेट में शुल्क जमा करने की सुविधा ऑनलाइन पीओएस मशीन के माध्यम से की गई है, जिसका महापौर ने विधिवत शुभारंभ कर इसे जनता को समर्पित कर दिया। इस दौरान मुख्य अभियंता मोइनुद्दीन,क्षेत्रीय पार्षद सहायक अभियंता, इस कार्य के तकनीकी विवेक राय भी मौजूद रहे।