स्थानीय एआईएमआईएम सांसद इम्तियाज जलील के नेतृत्व में यहां संभागीय आयुक्त कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किए जाने के बाद उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के सांसद जलील ने दो दिन पहले यहां एक आंदोलन का नेतृत्व किया था, जिसमें मांग की गई थी कि सरकार आदर्श महिला नागरी सहकारी बैंक, जिसका लाइसेंस आरबीआई द्वारा रद्द कर दिया गया था, और सात अन्य वित्तीय संस्थानों के खाताधारकों के पैसे वापस करने की प्रक्रिया में तेजी लाए।पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया था।
एक अधिकारी ने कहा कि धरना-प्रदर्शन के बाद जलील और अन्य के खिलाफ सिटी चौक पुलिस स्टेशन में बुधवार रात भारतीय दंड संहिता की धारा 353 (लोक सेवक को कर्तव्य के निर्वहन से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।उन्होंने बताया कि जलील को एक नोटिस भी जारी किया गया है, जिसमें पूछताछ के लिए बुलाए जाने पर उपस्थित रहने को कहा गया है।वहीं, सांसद जलील ने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें पुलिस से एक ”प्रेम पत्र” मिला है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ”यह ‘प्रेम पत्र’ उन गरीब लोगों की खातिर लड़ने के लिए एक निर्वाचित सांसद को दिया गया है, जिन्होंने सहकारी समितियों और बैंकों द्वारा की गई धोखाधड़ी में अपने जीवन की जमापूंजी गंवा दी। नोटिस की शर्तों को पढ़कर मुझे ऐसा लगा जैसे मैं कोई खूंखार गैंगस्टर हूं।”जलील ने कहा कि इस तरह के नोटिस से वह विचलित नहीं होंगे और वह लोगों के लिए लड़ना जारी रखेंगे।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check