महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कलवा इलाके में वित्तीय विवाद को लेकर 17 वर्षीय लड़के को निर्वस्त्र करने तथा उस पर हमला करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना मंगलवार दोपहर की है।
एक अधिकारी ने बताया, “पीड़ित ने पिछले साल आरोपियों में से एक से 300 रुपये उधार लिए थे। कुछ महीने बाद, आरोपी ने अपने पैसे वापस मांगना शुरू कर दिया, लेकिन पीड़ित टाल-मटोल करता रहा। इस बात से गुस्सा होकर आरोपी ने लड़के का ब्लूटूथ इयरफोन छीन लिया।”
अधिकारी ने बताया कि बाद में पीड़ित अपना ब्लूटूथ इयरफोन वापस लेने के लिए आरोपी के घर गया। आरोपी की गैरमौजूदगी में पीड़ित उसकी मां से मिला जिसने उसे इयरफोन दे दिया। यह पता चलने पर आरोपी अपना आपा खो बैठा और एक अन्य आरोपी के साथ लड़के के घर जा पहुंचा।
अधिकारी ने बताया, “आरोपियों ने पीड़ित से अपने पैसे वापस मांगे और उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोपियों ने पीड़ित की बेल्ट खींच ली और उसे उसी बेल्ट से पीटा। उन्होंने उसे निर्वस्त्र भी कर दिया।”
पीड़ित ने घटना की सूचना अपनी मां को दी, जिसके बाद उसकी मां ने पुलिस से संपर्क किया और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। आरोपियों की पहचान तौसीफ खानबंदे और सामिल खानबंदे के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धाराएं 327, 323, 504, 506, 34 और किशोर न्याय (देखभाल और संरक्षण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check