मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य में कार्यों में पारदर्शिता रहे और विकास एवं कानून के क्षेत्र में राज्य मिसाल बने।डॉ यादव ने आज मंत्रालय में सभी संभागों के प्रभारी, अपर मुख्य सचिवों और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक से चर्चा की।बैठक में मुख्य सचिव श्रीमती वीरा राणा सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार बैठक में डॉ यादव ने निर्देश दिए कि कार्यों में पारदर्शिता रहे। सरकार की योजनाओं का सुदृढ क्रियान्वयन हो। सतत मानीटरिंग की जाए। कानून व्यवस्था की स्थिति मजबूत रहे। शहरों में यातायात प्रबंध सुगम बने।उन्होंने कहा कि राज्य में रेल सुविधाएं बढ़ाने पर अध्ययन कर सुझाव दें। मिलों के श्रमिकों को राहत का कार्य उज्जैन और इंदौर में हुआ है। इसके बाद अब ग्वालियर के मिल श्रमिकों को देनदारी की राशि प्रदान करने के लिए रोडमैप बनाया जाए।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रशासनिक कसावट पर ध्यान दें। रात्रि विश्राम कर ग्रामों की समस्याएं हल की जाएं। पटवारी एवं ग्राम स्तर के अधिकारी-कर्मचारी जनता को आवश्यक सेवाएं देने के लिए मुख्यालय और मैदान स्तर पर सक्रिय रहें। पुलिस कर्मियों की आवास व्यवस्था बेहतर बनाएं।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी कार्यों की निरंतर समीक्षा करें। मंगलवार की जन सुनवाई के साथ समस्याएं प्रतिदिन हल की जाएं। विशिष्ट लोगों के आवागमन से आमजन को कोई तकलीफ ना हो यह भी सुनिश्चित किया जाए। मध्यप्रदेश को विकास और कानून व्यवस्था में मिसाल के रूप में स्थापित किया जाए।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check