केरल में 15 साल के लड़के ने अपने पिता से कहासुनी होने के बाद उनकी कथित रूप से हत्या करने की और बाद में अपनी भी जान लेने की कोशिश की। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। घटना की सूचना शनिवार को जिले के पोथेनकोड से मिली। लड़के के पिता ने किसी वजह से उसे डांट दिया था जिसके बाद उसने उन पर कथित रूप से हमला किया था।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ”ऐसा प्रतीत होता है कि लड़के ने डांटने के कारण पिता पर हमला किया। उसने हथौड़े से उनके सिर पर कई बार वार किया। लेकिन वह किसी तरह कमरे से बाहर निकले और घर से भाग गये।”
लड़के ने बाद में कमरे के अंदर फंदे से लटककर जान देने की कोशिश की लेकिन स्थानीय लोगों और पुलिस ने उसे बचा लिया। पुलिस ने बताया कि दोनों का तिरुवनंतपुरम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check