कांकेर : सुरक्षाबलों व माओवादियों के बीच मुठभेड़ में तीन नक्सली ढेर

जिले के नक्सली इलाके में रविवार सुबह सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच एक मुठभेड़ में सुरक्षाबल के जवानों को बड़ी कामयाबी मिली है। इस मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए है और अभी इलाके में जवान सर्चिंग अभियान चला रहे हैं।

जानकारी के अनुसार सुरक्षाबल के जवानों को अंतागढ़ थानाक्षेत्र के कोयलीबेड़ा इलाके के जंगल में बड़ी संख्या में नक्सलियों के होने की सूचना मिली थी। इसी आधार पर जवानों ने सर्चिंग अभियान चलाया था। इसी बीच जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें जवानों की ओर से की गई फायरिंग में तीन नक्सली मारे गये। वहीं सुरक्षा बल के जवानों को किसी तरह की हानि नहीं हुई है।

घटना की पुष्टि करते हुए कांकेर पुलिस अधीक्षक कल्याण एलेसेला ने बताया कि कोयलीबेड़ा इलाके के जंगल में जिला रिजर्व गार्ड और बॉर्डर सेक्योरिटी फोर्स की एक संयुक्त टीम नक्सल विरोधी अभियान पर थी। उसी समय नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई। उन्होंने बताया कि घटना स्थल से तीनों मारे गये नक्सलियों के शव बरामद हो गए हैं। जवानों ने मौके से दो हथियार भी जब्त किए हैं। मुठभेड़ के बाद बीएसएफ के जवान इलाके में सर्चिंग ऑपरेशन चला रहे हैं। विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।