शुक्रतीर्थ से जेपी नड्डा और योगी आदित्यनाथ करेंगे ग्राम परिक्रमा यात्रा का शुभारंभ

लोकसभा चुनाव से पहले गांवों को साधने के लिए भाजपा ‘ग्राम परिक्रमा यात्रा’ जैसा बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है। 12 फरवरी को मुजफ्फरनगर के शुक्रतीर्थ से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस अभियान का प्रारंभ करेंगे।

मुजफ्फरनगर जनपद के शुकतीर्थ में 12 फरवरी को भाजपा किसान मोर्चा द्वारा ‘ग्राम परिक्रमा यात्रा’ की शुरुआत की जाएगी। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर भाग लेंगे। इस यात्रा के जरिए भाजपा देशभर के गांवों को मथेगी। धार्मिक नगरी शुक्रतीर्थ में कार्यक्रम का आयोजन कर भाजपा एक बड़ा संदेश देना चाहती है।

इस कार्यक्रम में लगभग 50 हजार किसानों को पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येन्द्र सिसौदिया के साथ-साथ पश्चिम क्षेत्र के सांसद, मंत्री, विधायक आदि भाग लेंगे। ग्राम परिक्रमा यात्रा के दौरान लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी का संकल्प पत्र तैयार करने के लिए किसानों और मजदूरों से सुझाव भी लिए जाएंगे। जिसे बाद में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा तक पहुंचाया जाएगा।

किसानों से सीधा संवाद करेंगे योगी और नड्डा

शुक्रतीर्थ के पास स्थित फिरोजपुर गांव में किसान प्रमोद चौधरी के घर चौपाल का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा किसानों से सीधा संवाद करेंगे। इसके लिए भाजपा संगठन पूरी तैयारी कर चुका है।

चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न के बाद पहला कार्यक्रम

पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने की घोषणा के बाद भाजपा का यह पहला बड़ा कार्यक्रम है। इस घोषणा के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सियासी माहौल को परखने के लिए भाजपा का यह कार्यक्रम बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।