रिलायंस इंडस्ट्रीज और बीपी के खुदरा ईंधन से जुड़ी संयुक्त उद्यम इकाई जियो-बीपी ने बुधवार को मुंबई, हैदराबाद, चेन्नई और बेंगलुरु में इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग ढांचागत सुविधा स्थापित करने के लिए हाउस ऑफ हीरानंदानी के साथ साझेदारी की है।
इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र में जियो-बीपी पल्स ब्रांड नाम से काम करती है। संयुक्त उद्यम कंपनी ने देश में ईवी चार्जिंग नेटवर्क स्थापित किया है। यह सबसे बड़े और सबसे तेजी से बढ़ते नेटवर्क में से एक है।
साथ ही, देश के 24 से अधिक सबसे बड़े चार्जिंग केंद्रों (औसतन 150 से अधिक चार्जिंग प्वाइंट के साथ) का परिचालन करते हुए कंपनी मॉल, रेस्तरां, होटल, कार्यस्थल, आवासीय सोसायटी और सार्वजनिक पार्किंग जैसे उपभोक्ताओं के लिए सुगम स्थानों पर इलेक्ट्रिक वाहनों को तेजी से चार्ज करने वाले स्टेशन बना रही है।
कंपनी ने बयान में कहा, ”इस सहयोग के साथ, जियो-बीपी पल्स अपने नेटवर्क का विस्तार प्रतिष्ठित हाउस ऑफ हीरानंदानी की संपत्तियों तक करेगा। इसकी शुरुआत ठाणे में हीरानंदानी एस्टेट और हीरानंदानी मीडोज जैसे प्रमुख स्थानों से होगी।”इसमें कहा गया है कि यह साझेदारी पूरे भारत में किफायती कीमतों पर लोगों के लिए विश्वस्तरीय ईवी चार्जिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने की जियो-बीपी की रणनीति के अनुरूप है।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check