गणतंत्र दिवस समारोह की परेड में शुक्रवार को विदेश मंत्रालय की कई उपलब्धियों को दर्शाया गया जिनमें जी20 शिखर सम्मेलन की सफल मेजबानी और इस शक्तिशाली समूह की अध्यक्षता के दौरान भारत की कामयाबियां प्रमुख रूप से शामिल रहीं।विदेश मंत्रालय की झांकी में वैश्विक मुद्दों का महत्वाकांक्षी, निर्णायक, समावेशी और कार्रवाई उन्मुख तरीके से समाधान करने की दिशा में भारत के नेतृत्व को दर्शाया गया।
इसमें पिछले वर्ष भारत की जी20 अध्यक्षता के सफल समापन और उसकी उपलब्धियों को भी दर्शाया गया है।झांकी के सामने वाले हिस्से में नालंदा महाविहार को दर्शाया गया, जिसके ऊपर G20 का लोगो लगा हुआ था।अफ़्रीकी संघ को जी20 का पूर्ण सदस्य बनाने को लेकर भारत की अध्यक्षता में लिए गए निर्णय को ”नमस्ते” मुद्रा में हाथ जोड़कर दर्शाया गया। एक हाथ में भारतीय ध्वज और दूसरे में अफ्रीकी संघ का झंडा दिखाया गया।
झांकी में विश्व में महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास को भी दर्शाया गया।झांकी के किनारों पर डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और मोटे अनाज के साथ हरित विकास में भारत की सफलता को भी दर्शाया गया।इसमें भारत मंडपम का भी प्रदर्शन किया गया जहां भारत की अध्यक्षता में जी-20 शिखर सम्मेलन का आयोजन हुआ था और ‘नई दिल्ली बयान’ को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया था।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check