IIT दिल्ली ने विकसित किया देश का पहला स्वदेशी माइक्रो-GPU

मेक इन इंडिया को बढ़ावा देने की दिशा में IIT दिल्ली के शोधकर्ताओं ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। संस्थान के शोधकर्ताओं ने देश की पहली स्वदेशी माइक्रो-ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट यानी माइक्रो-GPU विकसित की है। इसे विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल उपकरणों में ग्राफिक्स और डिस्प्ले प्रोसेसिंग के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा।

स्वदेशी माइक्रो-GPU का उपयोग इलेक्ट्रिक वाहनों और ई-रिक्शा के डैशबोर्ड नेविगेटर, मछली पकड़ने वाली नौकाओं के नेविगेशन टर्मिनल, शैक्षिक ई-बुक रीडर, मेडिकल और डायग्नोस्टिक डिस्प्ले तथा पोर्टेबल हैंडहेल्ड गेमिंग डिवाइस में किया जा सकता है।

शोधकर्ताओं के मुताबिक, यह तकनीक देश में स्वदेशी ग्राफिक्स और डिस्प्ले-प्रोसेसिंग सिस्टम के विकास का रास्ता भी खोल सकती है। आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक हार्डवेयर में ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट का व्यापक इस्तेमाल होता है, जबकि भारत फिलहाल GPU की जरूरत के लिए आयात पर निर्भर है।

देश में माइक्रो-GPU के विकास से ग्राफिक्स प्रोसेसिंग से जुड़े हार्डवेयर के लिए आयात पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में घरेलू तकनीकी क्षमता को बढ़ावा मिलने की संभावना है।

IIT दिल्ली की यह पहल स्वदेशी हार्डवेयर और सेमीकंडक्टर तकनीक विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है और इससे भारत में ग्राफिक्स तथा डिस्प्ले तकनीक के क्षेत्र में नए अनुप्रयोगों के विकास को बढ़ावा मिल सकता है।