पूर्व दिग्गज हॉकी खिलाड़ी हरबिंदर सिंह को पद्मश्री सम्मान दिए जाने की घोषणा पर हॉकी इंडिया ने बधाई दी है। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने कहा कि हमें बहुत खुशी है कि हरबिंदर सिंह को हॉकी में उनके अनुकरणीय करियर के लिए पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
डॉ. टिर्की ने रविवार को एक बयान में कहा कि हरबिंदर सिंह हममें से कई लोगों के लिए एक आदर्श रहे हैं और वह युवा हॉकी खिलाड़ियों की इस पीढ़ी को लगातार प्रेरित कर रहे हैं। मैं उन्हें इस सम्मान के लिए बधाई देता हूं।
हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने भी इस महान खिलाड़ी को राष्ट्रीय सम्मान मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हॉकी इंडिया की ओर से मैं हरबिंदर सिंह को बधाई देता हूं। वह हमेशा भारत के बेहतरीन सेंटर फॉरवर्ड में से एक के रूप में जाने जाएंगे। उन्होंने देश के लिए कई पुरस्कार जीते। वह आज भी खेल की सेवा कर रहे हैं, किसी भी क्षमता में शामिल होने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं और यह बहुत प्रेरणादायक है।
शानदार रहा करियर : हॉकी स्टार हरबिंदर सिंह ने 1961 और 1972 के बीच भारतीय टीम लिए खेला। तीन ओलंपिक खेलों में भाग लिया और प्रत्येक में पदक जीता। 1964 में स्वर्ण पदक के अलावा, वह 1968 मैक्सिको ओलंपिक और 1972 म्यूनिख ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। वह भारतीय हॉकी के स्वर्ण युग का हिस्सा थे जब टीम ने 1966 में एशियाई खेलों में स्वर्ण और 1970 में रजत पदक जीतकर एशिया में अपना दबदबा बनाया था।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check