नाश्ते में मूसली खाने से मिलते हैं ये 5 जबरदस्त स्वास्थ्य लाभ

सुबह का नाश्ता स्वस्थ और पोषक तत्वों से भरपूर होना चाहिए। स्वस्थ नाश्ता करने से आप पूरे दिन सक्रिय और ऊर्जावान महसूस करते हैं। यदि आप एक स्वस्थ नाश्ते के विकल्प की तलाश में हैं, तो आप मूसली या म्यूसली आज़मा सकते हैं। इसे ओट्स, फ्लेक्स, कॉर्न फ्लेक्स, बीज और नट्स आदि को मिलाकर बनाया जाता है। ज्यादातर लोग इसे दूध और फलों के साथ मिलाकर खाना पसंद करते हैं। मूसली पोषक तत्वों से भरपूर होती है। इसमें विटामिन, प्रोटीन, फाइबर, पोटैशियम, फैटी एसिड आदि पोषक तत्व प्रचुर मात्रा में होते हैं। वहीं, इसमें शुगर की मात्रा काफी कम होती है। रोज सुबह नाश्ते में मूसली खाने से शरीर को कई लाभ मिल सकते हैं। यह शरीर को हेल्दी रखने के साथ-साथ वजन घटाने में भी मददगार है। तो आइए, विस्तार से जानते हैं नाश्ते में मूसली खाने के फायदे  क्या हैं –

नाश्ते में मूसली खाने के फायदे –

हीमोग्लोबिन का स्तर बढ़ाए- अगर आपके शरीर में हीमोग्लोबिन का स्तर कम है, तो आपको डाइट में मूसली को शामिल करना चाहिए। मूसली में आयरन पाया जाता है, जो खून में हीमोग्लोबिन के स्तर को बढ़ा सकता है। मूसली पोषक तत्वों से भरपूर होती है, इसलिए नाश्ते में इसका सेवन करने से थकान और कमजोरी की समस्या नहीं होती है।

वजन घटाने में मददगार- अगर आप वजन घटाना चाहते हैं, तो आपको अपनी डाइट में मूसली को जरूर शामिल करना चाहिए। मूसली में फाइबर प्रचुर मात्रा में होता है, जिससे पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है। वहीं, इसमें शुगर और कैलोरी की मात्रा कम होती है। अगर आप सुबह नाश्ते में मूसली खाएंगे, तो इससे आपको बार-बार भूख नहीं लगेगी। इस तरह आपको वजन घटाने में मदद मिल सकती है।

आंखों के लिए फायदेमंद- मूसली का सेवन आंखों की हेल्थ के लिए भी अच्छा माना जाता है। इसमें विटामिन सी, विटामिन-ई और ओमेगा-3 फैटी एसिड जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। ये आंखों की रोशनी बढ़ाने और आंखों से जुड़ी समस्याओं को दूर करने में मदद करती है।

ब्लड शुगर कंट्रोल करे- डायबिटीज रोगियों के लिए मूसली का सेवन काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। दरअसल, मूसली में फाइबर भरपूर मात्रा में होता है, जो पचने में समय लेता है। यह ब्लड शुगर में स्पाइक को रोकता है। सुबह नाश्ते में मूसली का सेवन करने से ब्लड शुगर लेवल नियंत्रित रहता है और बार-बार भूख नहीं लगती है। हालांकि, डायबिटीज के मरीजों को मूसली का सेवन चीनी के बिना ही करना चाहिए।

हड्डियों को मजबूत बनाए- मूसली का सेवन हड्डियों के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद माना जाता है। इसमें कैल्शियम, फास्फोरस और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व होते हैं, जो हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। रोजाना नाश्ते में मूसली का सेवन करने से हड्डियों से जुड़ी समस्याएं दूर हो सकती है। अगर आपकी हड्डियां कमजोर हैं, तो आपको मूसली का सेवन जरूर करना चाहिए।

सुबह नाश्ते में मूसली खाना सेहत के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। इससे शरीर को पर्याप्त पोषण मिलेगा और आप दिनभर एनर्जेटिक महसूस करेंगे।

यह भी पढ़ें:

क्या आप भी करते है हरी पत्तेदार सब्जियों को जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल, तो हो जाए सावधान