स्वस्थ रहने के लिए रोजाना दूध पीना बहुत जरूरी है। लेकिन कई लोग स्वाद के कारण दूध नहीं पीते। ऐसे में अगर दूध में अंजीर, बादाम और किशमिश मिला दिया जाए तो इससे न सिर्फ दूध स्वादिष्ट बनता है बल्कि इसके पोषक तत्व भी कई गुना बढ़ जाते हैं. दूध में अंजीर, बादाम और किशमिश मिलाकर पीने से शरीर की कई स्वास्थ्य समस्याओं से राहत मिलती है। इस दूध को पीने से हड्डियां मजबूत होती हैं, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और शरीर में खून बढ़ता है। इसलिए अगर आप साधारण दूध नहीं पीना चाहते हैं, तो इसमें सूखे अंजीर, बादाम और मुनक्का मिला सकते हैं। इस दूध को पीने से शरीर को होने वाले फायदों के बारे में विस्तार से जानने के लिए हमने आरोग्य डाइट और न्यूट्रीशन क्लीनिक की डायटीशिन डॉक्टर सुगीता मुटरेजा से बातचीत की-
मुनक्का में पोषक तत्व- मुनक्का पोषक तत्वों से भरपूर होता है। मुनक्के में विटामिन ए, बीटा कैरोटीन, कैल्शियम, पोटैशियम, मैग्नीशियम काफी अच्छी मात्रा में होता है। इसके अलावा मुनक्का में आयरन, फाइबर भी पाया जाता है। मुनक्का एंटी ऑक्सीडेंट् (anti oxidants) और एंटी बैक्टीरियल गुण भी होते हैं। ये सभी तत्व सेहत के लिए जरूरी होते हैं।
अंजीर में पोषक तत्व- अंजीर को फल और ड्राय फ्रूट्स (dry fruits) दोनों तरह से खाया जाता है। अंजीर में कैल्शियम, आयरन, मैग्नीशियम, पोटैशियम, जिंक, कॉपर और मैंगनीज जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसके अलावा अंजीर में विटामिन ए, विटामिन बी और विटामिन सी भी होता है। अंजीर प्रोटीन, फाइबर का भी अच्छा सोर्स है।
बादाम में पोषक तत्व- बादाम सेहत के लिए काफी फायदेमंद होता है। बादाम प्रोटीन, विटामिन ई और फाइबर का एक बेहतरीन सोर्स है। इसके अलावा बादाम में ओमेगा 3 फैटी एसिड , पोटैशियम, आयरन, मैग्नीशियम और कैल्शियम भी भरपूर होता है।
दूध में अंजीर, बादाम और मुनक्का डालकर पीने के फायदे
अंजीर, बादाम और मुनक्का सेहत के लिए काफी लाभदायक होते हैं। अगर इन्हें दूध के साथ मिलाकर लिया जाए, तो आप हमेशा स्वस्थ रह सकते हैं। दूध के साथ अंजीर, मुनक्का और बादाम लेने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता (immunity) मजबूत बनती है और हड्डियों से जुड़ी समस्याएं दूर होती हैं। यह दूध छोटे बच्चों के शारीरिक विकास को तेज करने के लिए भी जरूरी होता है।
1. सर्दी-जुकाम और सूखी खांसी ठीक करे
दूध में सूखी अंजीर, बादाम और मुनक्का मिलाकर पीने से सर्दी-जुकाम और खांसी की समस्या में आराम मिलता है। मुनक्का सूखी खांसी को ठीक करने में मदद करता है। अंजीर, बादाम और मुनक्का शरीर कीरोग प्रतिरोधक क्षमता (Boost immunity) बढ़ाते हैं, जिससे वायरल संक्रमण से भी छुटकारा मिलता है। छोटे बच्चों की इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए उन्हें इस दूध को जरूर पिलाएं।
2. कब्ज की समस्या से राहत दिलाए- आजकल गलत खान-पान, लाइफस्टाइल के वजह से अधिकतर लोग पेट से जुड़ी समस्याओं से परेशान हैं। कब्ज पेट से जुड़ी समस्याओं में सबसे सामान्य है। दूध के साथ अंजीर, बादाम और मुनक्का मिलाकर पीने से कब्ज की समस्या से राहत मिलती है। दरअसल, अंजीर पाचन में मदद करता है। दूध के साथ अंजीर लेने से कब्ज से बचाव भी होता है। कब्ज बनने पर आप इस दूध का सेवन कर सकते हैं।
3. हड्डियों को मजबूत बनाए- बढ़ती उम्र में अधिकतर लोगों को हड्डियों में दर्द, हड्डियों का कमजोर होना जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में अगर दूध में बादाम, अंजीर और मुनक्का डालकर पिया जाए, तो हड्डियां मजबूत बनती हैं। दूध, बादाम और मुनक्का में पर्याप्त मात्रा में कैल्शियम होता है। कैल्शियम हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए बहुत जरूरी होता है।
4. एनीमिया से बचाव करे- एनीमिया यानी शरीर में खून की कमी। अधिकतर महिलाएं एनीमिया की समस्या से परेशान रहती हैं। इस स्थिति में उनके शरीर में आयरन या खून की कमी हो जाती है। इसके लिए वे अकसर आयरन सप्लीमेंट्स लेती हैं। आप चाहें तो एनीमिया से छुटकारा पाने के लिए दूध में अंजीर, बादाम और मुनक्का डालकर ले सकते हैं। इन मिश्रण में आयरन की मात्रा अधिक होती है, जिससे खून की कमी पूरी होती है। अगर आप इसे रोजाना पिएंगे, तो आप हमेशा एनीमिया से बची रहेंगी।
5. बच्चों के लिए लाभकारी- बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए दूध बहुत जरूरी होता है। लेकिन अधिकतर बच्चे दूध पीना पसंद नहीं करते हैं। ऐसे में आप अपने बच्चे को दूध में अंजीर, बादाम और मुनक्का मिलाकर दे सकते हैं। इससे बच्चे हमेशा स्वस्थ रहेंगे, जल्दी से बीमार नहीं पड़ेंगे। बच्चों का विकास भी तेजी से होगा।
6. हृदय स्वास्थ्य के लिए उपयोगी- अंजीर और बादाम में पोटैशियम होता है। वही मुनक्का एंटी ऑक्सीडेंट् गुणों से भरपूर होता है। ऐसे में अंजीर, बादाम और मुनक्के वाला दूध हृदय स्वास्थ्य के लिए भी काफी फायदेमंद हो सकता है। यह दिल को स्वस्थ रखने का उपाय है।
7. त्वचा के लिए फायदेमंद- बादाम, मुनक्का और अंजीर त्वचा के लिए भी उपयोगी होते हैं। इसमें मौजूद तत्व बॉडी की अंदर से सफाई करते हैं। इससे त्वचा में निखार आता है। बादाम में मौजूद फाइबर शरीर से टॉक्सिन (toxin) निकालने में सहायक होता है।
- इसके लिए सबसे पहले भिगोए हुए बादाम, अंजीर, मुनक्का, खजूर, पिस्ता को बारीक कूट लें। इसका एक मिश्रण तैयार करें।
- अब एक गिलास दूध गर्म करने के लिए रख दें।
- दूध में तैयार मिश्रण डालें। 5-7 मिनट तक दूध को अच्छी तरह से पकने दें।
- अब इस दूध को छान लें और पी लें।
- रोज रात को सोते समय इस दूध को पीने से आपको ऊपर बताई गई समस्याओं में काफी हद तक आराम मिलेगा।
- इस दूध में आपको चीनी डालने की जरूरत नहीं पड़ती है। क्योंकि अंजीर, मुनक्का दूध को प्राकृतिक मिठास देते हैं।
आप भी खुद को हेल्दी रखने के लिए इस दूध का सेवन कर सकते हैं। लेकिन अगर आप किसी स्वास्थ्य समस्या से परेशान हैं, तो डॉक्टर की सलाह पर ही इस दूध का सेवन करें। डायबिटीज रोगियों को इस दूध का सेवन एक्सपर्ट की राय पर ही करना चाहिए।
यह भी पढ़ें:
ये 4 चीजें संतरा खाने के बाद कभी न खाएं , सेहत पर पड़ सकता है दुस्प्रभाव
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check