पीठ के बल लेटकर करें ये 5 योगासन, फैट होगा बर्न

ज्यादातर लोग बढ़ते वजन से परेशान हैं। अधिक वजन या मोटापा न केवल दैनिक गतिविधियों में बाधा डालता है, बल्कि यह गंभीर बीमारियों का कारण भी बन सकता है। मोटापा मधुमेह, थायरॉयड, हृदय और यकृत रोग के खतरे को भी बढ़ा सकता है। इसलिए फिट और स्वस्थ रहने के लिए हर व्यक्ति को अपना वजन नियंत्रित रखना बहुत जरूरी है। अगर इस समय आपका वजन सामान्य से अधिक है, तो आप कुछ योगासनों की मदद से इसे कम करने की कोशिश कर सकते हैं। अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर वजन कम करने के लिए कौन सा योगासन करें? या फिर वजन कम करने के लिए कौन से योगासन फायदेमंद  हो सकते हैं? तो आपको बता दें कि वजन कम करने के लिए वैसे तो आप कोई भी योग कर सकते हैं, लेकिन अगर आप चाहें तो पीठ के बल योग करके अपने वजन को काफी हद तक कंट्रोल में ला सकते हैं। तो चलिए, जानते हैं वजन कम करने के लिए पीठ के बल किए जाने वाले आसन कौन से हैं?

वजन घटाने के लिए पीठ के बल किए जाने वाले आसन-

1. सुप्त पवन मुक्तासन- अगर आप वजन कम करना चाहते हैं, तो सुप्त पवन मुक्तासन का अभ्यास कर सकते हैं। यह पीठ के बल किया जाने वाला एक आसन है, जो वजन घटाने में मदद कर सकता है। सुप्त पवन मुक्तासन पाचन को ठीक करता है, इससे खाना अच्छी तरह से डाइजेस्ट होता है। साथ ही मेटाबॉलिज्म भी सही तरीके से काम करता है। इससे आपको वजन घटाने में मदद मिल सकती है। सुप्त पवन मुक्तासन करने का तरीका इस प्रकार है-

  • इस योगासन को करने के लिए सबसे पहले आप पीठ के बल लेट जाएं।
  • इसके बाद अपने दाएं घुटने को मोड़कर आगे की तरफ लाएं और हाथों से पकड़ लें। जांघ को पेट पर लगाएं।
  • फिर धीरे-धीरे सांस छोड़ते हुए सिर उठाएं। अपने ठोड़ी को घुटने से लगाएं।
  • इसके बाद सांस लेते हुए दाएं पैर को सीधा कर लें।
  • इसी तरह बाएं पैर को भी आगे लगाएं और फिर सीधा कर लें।
  • आप इस योगासन को 5 से 10 बार तक दोहरा सकते हैं।

2. उत्तान पादासन- वजन घटाने के लिए आप पीठ के बल लेटकर उत्तान पादासन का भी अभ्यास कर सकते हैं। इस आसन को करना शुरुआत में थोड़ा मुश्किल लग सकता है। लेकिन धीरे-धीरे आप इसे आसानी से कर सकते हैं। इस आसन में पैरों को ऊपर उठाकर मुद्रा बनाई जाती है। इसलिए उसे उत्तान पादासन कहा जाता है। उत्तान पादासन करने की विधि-

  • इस आसन को करने के लिए सबसे पहले एक मैट पर पीठ के बल लेट जाएं।
  • अपनी दोनों हथेलियों को जमीन पर रखें। गर्दन और सिर को भी जमीन पर टिकाकर रखें।
  • इसके बाद सांस लेते हुए दाएं पैर को एक फुट तक ऊपर उठाएं। इस दौरान अपने हाथों को टाइट रखें और पेट को स्ट्रेच करें।
  • फिर सांस छोड़ते हुए दाएं पैर को नीचे ले आएं।
  • इस तरह आपको बाएं पैर को ऊपर और नीचे लाना है।
  • आप इस आसन को 5-10 बार कर सकते हैं।
  • पेट के रोगियों के लिए यह योगासन काफी फायदेमंद साबित हो सकता है।

3. नौकासन- वजन घटाने वाले लोगों के लिए नौकासन करना भी लाभकारी साबित हो सकता है। नौकासन को भी पीठ के बल लेटकर किया जाता है। यह मन और शरीर को शांत करने में मदद करता है। साथ ही वजन कम करने में भी असरदार साबित हो सकता है। नौकासन करने से पेट, हाथ और पैरों की चर्बी कम हो सकती है। नौकासन करने का तरीका-

  • इस आसन को करने के लिए सबसे पहले किसी शांत स्थान पर पीठ के बल लेट जाएं।
  • इसके बाद अपने हाथों और पैरों को फैला लें।
  • फिर हाथों और पैरों को ऊपर ले जाएं। इस दौरान हिप्स को छोड़कर आपका पूरा शरीर ऊपर उठा हुआ रहेगा।
  • धीरे-धीरे सांस छोड़ें और फिर शरीर को सामान्य अवस्था में ले आएं।
  • आप नौकासन में 10-20 सेकेंड तक रुक सकते हैं।
  • इस योगासन को करते हुए अपने पेट को स्ट्रेच करें। इससे आपको काफी लाभ मिलेगा।

4. सेतु बंधासन- आप वजन घटाने के लिए पीठ के बल लेटकर सेतु बंधासन की प्रैक्टिस भी कर सकते हैं। इस आसन को करने से शरीर फुर्तीला रहता है, आपका मन और शरीर शांत रहता है। इस आसन में शरीर पुल की तरह दिखता है। इस आसन को आप रोजाना कर सकते हैं। सेतु बंधासन करने की विधि इस प्रकार है-

  • इस आसन को करने के लिए सबसे पहले आप पीठ के बल लेट जाएं।
  • इस दौरान आपके पैरों की उंगुलियां, कंधे और सिर का पिछला हिस्सा जमीन पर रहेगा।
  • इसके बाद दोनों हाथों से अपनी एड़ियों को पकड़ें।
  • फिर लंबी गहरी सांस लें और अपने जांघों, कमर, पेट और छाती को ऊपर उठाने की कोशिश करें।
  • इस अवस्था में कुछ सेकेंड रुकें और फिर सामान्य स्थिति में आ जाएं।
  • आप इस आसन को 2-3 बार कर सकते हैं।
  • इससे आपका फैट और कैलोरी बर्न होने में मदद मिलेगी। साथ ही धीरे-धीरे वजन भी कम होने लगेगा।

अगर आप वजन घटाना चाहते हैं, तो पीठ के बल लेटकर सेतु बंधासन, नौकासन, उत्तान पादासन और सुप्त पवन मुक्तासन का अभ्यास कर सकते हैं। इन योगासनों को नियमित रूप से करने से आपको वजन घटाने या कम करने में मदद मिल सकती है।

यह भी पढ़ें:

रोजाना करें ये 3 योगासन, मिलेंगे कई और फायदे, पतली हो जाएगी कमर