बवासीर होने पर करें ये 4 योगासन, जल्द मिलेगा आराम

गलत खान-पान और खराब जीवनशैली के कारण आजकल हर दूसरा व्यक्ति बवासीर की समस्या से परेशान है। यह एक बहुत ही दर्दनाक बीमारी है, जिससे पीड़ित व्यक्ति की हालत खराब हो जाती है। ज्यादातर मामलों में बवासीर का ऑपरेशन किया जाता है। लेकिन अगर जीवनशैली में सुधार किया जाए तो इसे बिना ऑपरेशन के भी ठीक किया जा सकता है। बवासीर की समस्या से छुटकारा पाने के लिए कुछ योगासनों का भी सहारा लिया जा सकता है। नियमित रूप से योगासन करके इस समस्या से निजात मिल सकता है। योगा एक्सपर्ट से जानते हैं बवासीर के लिए कुछ बेहतरीन योगासन-

मालासन- मालासन करने से बवासीर की समस्या को काफी हद तक ठीक किया जा सकता है। अगर आप भी बवासीर की समस्या से परेशान हैं, तो नियमित रूप से इस योगासन को जरूर करें। इससे आपको कुछ ही दिनों में फर्क नजर आने लगेगा।

– मलासन करने के लिए सबसे पहले जमीन पर मैट बिछा लें। इस पर एकदम सीधे खड़े हो जाएं।
– अब आप अपने दोनों पैरों के बीच 2-2.5 फीट का गैप बनाकर रखें।
– अपनी दोनों कोहनियों को मोड़ें। हाथों को जोड़ें और छाती के पास रखें।
– सांस लें और छाती को फुलाएं।
– सांस छोड़ते हुए धीरे-धीरे घुटनों को मोड़ते हुए मलत्याग की अवस्था में नीचे बैठ जाएं।
– इस दौरान आपके कूल्हे ऊपर रहेंगे और आप पैरों के तलवों पर रहेंगे।
– आपकी कोहनियां 90 डिग्री का कोण बनाएंगे। अपनी दोनों कोहनियों को जांघ के अंदर रखें।
– कुछ देर इस मुद्रा में रहने के बाद आप प्रारंभिक अवस्था में आ सकते हैं।

नियमित रूप से मालासन करने से पेट के जुड़े रोग जैसे गैस, एसिडिटी, अपच और कब्ज की समस्या ठीक होती है। जिससे बवासीर से भी छुटकारा मिलता है। इतना ही नहीं मालासन पीठ, पेट, पैर और हाथों की मांसपेशियों को भी मजबूत बनाने में फायदेमंद होता है। इससे शरीर में ब्लड सर्कुलेशन भी बढ़ता है। मालासन करने से पेट और आंतों पर दबाव पड़ता है, जिससे पाचन तंत्र मजबूत होता है।

 

बालासन- बवासीर की समस्या होने पर बालासन करना भी फायदेमंद हो सकता है। इसलिए अगर आप बवासीर की समस्या से परेशान है, तो इस आसन को अपनी दिनचर्या में शामिल कर सकते हैं। बालासन करने का तरीका-

– बालासन करने के लिए सबसे पहले एक मैट पर घुटनों के बल बैठ जाएं।
– अपने दोनों टखनों और एड़ियों को आपस में छूने की कोशिश करें।
– धीरे-धीरे घुटनों को बाहर की तरफ जितना हो सके उतना फैलाएं।
– अब अपने दोनों हाथों को ऊपर उठाते हुए लंबी गहरी सांस लें और आगे की तरफ झुक जाएं।
– पेट को अपने दोनों जांघों के बीच में रखें।
– माथे को जमीन पर टच करने की कोशिश करें।
– कुछ देर इस अवस्था में रहने के बाद प्रारंभिक अवस्था में आ जाएं।
– आप इसे 3-5 बार दोहरा सकते हैं।

बालासन आसान करने से शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बढ़ता है और नियमित रूप से बालासन करने से कमर दर्द में आराम मिलता है। बालासन करने से गैस, एसिडिटी और कब्ज की समस्या को दूर किया जा सकता है। कब्ज दूर होने से बवासीर की समस्या ठीक हो सकती है। यह कूल्हों की मांसपेशियों के लिए भी काफी अच्छा योगासन है। अगर आपको घुटनों में दर्द की समस्या है, तो इस योगासन को करने से बचें।

पवनमुक्तासन- पवनमुक्तासन पेट की गैस को निकालने के लिए सबसे बेहतरीन योगासन है। इसके साथ ही यह बवासीर की समस्या को भी ठीक करने में मददगार होता है। अगर आप बवासीर से पीड़ित है, तो नियमित रूप से पवनमुक्तासन करें। इससे आपकी यह समस्या कुछ ही दिनों में ठीक हो जाएगी।

– इसे करने के लिए सबसे पहले एक मैट बिछा लें।
– इस पर पीठ के बाल लेट जाएं।
– अब सांस लेते हुए अपने दोनों घुटनों को मोड़ें और पेट के पास तक ले आएं।
– अपने दोनों हाथों की अंगुलियों को आपस में फसाएं और घुटनों को पकड़ें।
– सांस छोड़ते हुए अपने सिर को ऊपर की तरफ उठाएं। अपने घुटनों को नाक से छूने की कोशिश करें।
– अब इस अवस्था में कुछ देर रहने के बाद प्रारंभिक अवस्था में आ जाएं।
– इस प्रक्रिया को आप 3-5 बार दोहरा सकते हैं।

पवनमुक्तासन रीढ़ की हड्डी को मजबूती प्रदान करने में फायदेमंद होता है। यह शरीर में रक्त के प्रवाह को बेहतर करने में मददगार होता है। इससे मन शांत होता है और शरीर को ऊर्जा मिलती है। नियमित रूप से पवनमुक्तासन करने से कब्ज की समस्या नहीं होती है। आप भी अपनी बवासीर की समस्या को ठीक करने के लिए इस योगासन को कर सकते हैं।

सर्वांगासन- बवासीर की समस्या को ठीक करने के लिए सर्वांगासन करना बेहद लाभकारी माना जाता है। अगर आप नियमित रूप से इस योगासन को करते हैं, तो इससे आपको कभी भी बवासीर की समस्या नहीं होगी। अगर बवासीर होने पर आप इस योगासन को करते हैं, तो इससे कुछ ही दिनों में आपकी समस्या ठीक हो जाएगी।

– इस आसन को करने के लिए सबसे पहले जमीन पर पीठ के बल एकदम सीधे लेट जाएं।
– अपने दोनों पैरों को आपस में जोड़ें और धीरे-धीरे ऊपर उठाने की कोशिश करें।
– अपनी कोहनियों को जमीन पर टिकाएं और दोनों हाथों से कमर को पकड़ें।
– सिर को जमीन पर टिका कर रखें।
– अब इस स्थिति में कुछ सेकेंड तक रहें।
– फिर अपनी सामान्य अवस्था में आ जाएं।

सर्वांगासन न सिर्फबवासीर में फायदेमंद होता है, बल्कि यह थायरॉइड की समस्या को भी ठीक करने में मददगार होता है। इस आसन को करने से थायरॉइड ग्रंथि पर दबाव पड़ता है, जिससे ग्रंथि ठीक से काम करती है। इतना ही नहीं यह पेट की सभी समस्याओं को भी ठीक करने में मददगार होता है। नियमित रूप से सर्वांगासन करने से शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर रहता है।

अगर आपको भी बवासीर की समस्या है, तो आप भी इन योगासनों को अपनी दिनचर्या में शामिल कर सकते हैं। लेकिन शुरुआत में आपको किसी योगा एक्सपर्ट की देख-रेख में ही योगासन करने चाहिए। बवासीर की समस्या को ठीक करने के लिए आपको अपनी डाइट पर भी खास ध्यान देने की जरूरत होती है। इस दौरान आपको ज्यादा तला-भुना और मिर्च-मसालेदार भोजन करने से बचना चाहिए। इन योगासनों से आपको कुछ ही दिनों में काफी फायदा देखने को मिलेगा।

यह भी पढ़े:

चिलचिलाती गर्मी की वजह से एयर कंडीशनर का इस्तेमाल लोगों को बना रहा है बीमार