इन दिनों पूरे देश में लू और हीट वेव ने लोगों को परेशान किया हुआ है। भरी दोपहर में जब घर से बाहर निकलो, तो स्किन रैशेज, सनबर्न, हीट स्ट्रोक और भी कई तरह की हेल्थ प्रॉब्लम लोगों को हो रही है। गर्मी के मौसम में हीट वेव की वजह से पाचन तंत्र पर भी बहुत असर पड़ता है। ऐसा माना जाता है कि गर्मी में पाचन क्रिया धीमी हो जाती है, इसलिए जो भी खाया-पिया जाता है, वह आसानी से हजम नहीं होता है। खासकर गर्मी के मौसम में बासी खाना खा लिया जाए, तो उल्टी, दस्त और डायरिया जैसी समस्या हो सकती है। यही वजह है गर्मी में लोगों को ज्यादा से ज्यादा पानी और तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी जाती है। ऐसे में खानपान पर नियंत्रण रखना बहुत जरूरी है। इसलिए आज इस लेख में हम आपको बताने जा रहे हैं गर्मी के मौसम में क्या खाना चाहिए और क्या नहीं, ताकि पाचन तंत्र दुरुस्त रहे। इस विषय पर ज्यादा जानकारी के लिए हमने दिल्ली स्थिति अपोलो अस्पताल की चीफ न्यूट्रिशनिस्ट डॉ. प्रियंका रोहतगी से बात की।
गर्मियों के मौसम में इन चीजों का करें सेवन
डॉ. प्रियंका रोहतगी का कहना है कि गर्मी के मौसम में इम्यूनिटी कमजोर हो जाती है। इस मौसम में गर्म हवाओं की वजह से शरीर के त्रिदोष (वात, पित्त और कफ) भी इंबैलेंस हो जाते हैं, जिसकी वजह से पाचन क्रिया पर बुरा असर पड़ता है। ऐसे में लोगों को थोड़ा सा भी खाने के बाद उल्टी, पेट में जलन और पेट में दर्द की समस्या होती है। इस मौसम में केवल शरीर के लिए हेल्दी चीजों का ही सेवन करना चाहिए। इस मौसम में जहां तक संभव हो, जंक फूड और मसाले वाले खाने से बचना चाहिए।
8 से 10 गिलास पानी पीना है जरूरी
हेल्थ एक्सपर्ट का कहना है कि गर्मी के मौसम में पाचन तंत्र को दुरुस्त बनाए रखने के लिए हाइड्रेशन बहुत जरूरी है। इसलिए, रोजाना कम से कम 8-10 गिलास पानी पीना बहुत जरुरी है। पानी शरीर को ठंडा रखता है, जलवायु को संतुलित रखता है और पाचन को ठीक रखने में मदद करता है।
ठंडी चीजों का सेवन करें
गर्मियों के मौसम में पेट ठंडा रहे इसके लिए ऐसी चीजों का सेवन करें। हेल्थ एक्सपर्ट का कहना है कि गर्मी में ताजे फल, सब्जियां, दही, नारियल पानी और ठंडे पानी का सेवन करें।
दही खाएं- गर्मी के मौसम में रोजाना थोड़ी मात्रा में दही का सेवन जरूर करना चाहिए। दही में प्रोबायोटिक होते हैं जो अच्छे बैक्टीरिया होते हैं और पाचन तंत्र के लिए लाभदायक होते हैं। यह शरीर की गर्मी को कम करने में, इन्फ्लेमेशन को कम करने में और पेट से जुड़ी समस्याओं को कम करने में सहायक होती है।
गर्मियों के मौसम में इन चीजों का सेवन न करें-हेल्थ एक्सपर्ट का कहना है कि गर्मी के मौसम में ऐसी चीजों से दूरी बनानी चाहिए, जिनकी तासीर गर्म होती है। गर्म तासीर वाले खाद्य पदार्थों का सेवन करने से पेट में जलन और कब्ज की समस्या हो सकती है।
स्पाइसी और फ्राइड फूड- गर्मी में ज्यादा तेल, मसाले और फ्राइड फूड खाने से बचना चाहिए। तेल और मसालों का सेवन करने से शरीर का तापमान बढ़ता है, जिसकी वजह से पाचन से जुड़ी समस्या हो सकती है। इसलिए इन्हें अपनी डाइट से दूर ही रखें।
कॉफी और चाय- कॉफी एक डायरेटिक का काम करती है और शरीर को डिहाइड्रेट कर सकती है। ठीक इसी तरह चाय भी पाचन को नुकसान पहुंचाती है। इसलिए गर्मी के मौसम में चाय और कॉफी का सेवन कम मात्रा में करना चाहिए।
शुगर से भरपूर ड्रिंक्स- आपको गर्मियों में शुगर से भरपूर ड्रिंक्स जैसे एनर्जी ड्रिंक्स, कोल्ड ड्रिंक्स या फिर सोडा का सेवन नहीं करना चाहिए क्योंकि इससे शरीर डिहाइड्रेट होता है और ब्लड शुगर लेवल भी तेजी से बढ़ सकता है।
यह भी पढ़ें:
रात में घी खाने से मिलते हैं ये अनोखे स्वास्थ्य लाभ, जानिए तरीका
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check