मौजूदा वक्त में रोहित शेट्टी अपनी आने वाली फिल्म सिंघम अगेन को लेकर चर्चा में हैं, जिसका दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। सिंघम की 2 सफल किश्तों के बाद अब रोहित और अजय देवगन सिंघम अगेन की तैयारियों में जुट गए हैं। कुछ वक्त पहले अजय ने ऐलान किया था कि दीपिका पादुकोण भी इस फिल्म का महत्वपूर्ण हिस्सा होंगी।
ताजा जानकारी के मुताबिक, दीपिका सिंघम अगेन में अजय की बहन का किरदार निभाने वाली हैं। एक सूत्र ने बताया, दीपिका पदुकोण, रोहित शेट्टी की सिंघम अगेन के लिए बहुत उत्साहित हैं। वह इस यूनिवर्स की पहली महिला पुलिसकर्मी की भूमिका निभाएंगी और उन्होंने इस एक्शन से भरपूर फिल्म के लिए तैयारी शुरू कर दी है।
उन्होंने कहा, दीपिका का किरदार एक लेडी सिंघम की तर्ज पर है और वह अजय की बहन की भूमिका निभाएंगी। सिंघम अगेन की शूटिंग सितंबर में शुरू होगी और अगस्त 2024 में बड़े पर्दे पर रिलीज होगी। रिपोर्ट के मुताबिक, 22 जुलाई, 2011 को रिलीज हुई इस फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म सिंघम ने बॉक्स ऑफिस पर 100.30 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।
तीन साल बाद यानी 15 अगस्त, 2014 को फ्रेंचाइजी की दूसरी किस्त सिंघम रिटर्न्स ने सिनेमाघरों में दस्तक दी थी और इसने बॉक्स ऑफिस पर कुल 140.62 करोड़ रुपये कमाए थे। सिंघम में अजय के साथ काजल अग्रवाल तो सिंघम रिटर्न्स में करीना कपूर नजर आई थीं।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check