सिक्किम में अचानक आई बाढ़ में दो और शव बरामद होने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 40 हो गई है। दो सप्ताह पहले आई इस प्राकृतिक आपदा के बाद 76 लोग अब तक लापता हैं।अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
चार अक्टूबर को तड़के बादल फटने के कारण तीस्ता नदी में अचानक आई बाढ़ से करीब 88,000 लोग प्रभावित हुए हैं।वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार, सिक्किम की आबादी करीब 6.10 लाख है जो भारत के किसी भी राज्य में सबसे कम है।सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसएसडीएमए) के अनुसार, पकयोंग में सबसे अधिक शव बरामद किए गए हैं।
जिले में मिले 26 शवों में से 15 आम नागरिकों तथा 11 शव सेना के जवानों के थे।एसएसडीएमए ने एक बुलेटिन में बताया कि मंगन में चार शव मिले, गंगटोक में आठ और नामची में दो शव बरामद हुए हैं।अधिकारियों ने कहा कि पास के पश्चिम बंगाल में तीस्ता नदी के निचले इलाकों में बहकर पहुंचे कई शव बरामद हुए हैं।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check