भारत में लगभग 30 करोड़ रुपये मूल्य के नकली एचपी उत्पाद जब्त किए गए : रिपोर्ट

नवंबर 2022 और अक्टूबर 2023 के बीच 30 करोड़ मूल्य के एचपी के नकली उत्पाद जैसे टोनर और स्याही कार्ट्रिज बरामद किया गया। मंगलवार को जारी एक रिपोर्ट से इसकी पुष्टि हुई। एचपी एंटी-जालसाज़ी और धोखाधड़ी (एसीएफ) रिपोर्ट के अनुसार, भारत में कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने एचपी की जालसाजी विरोधी पहल के समर्थन से लगभग 4.4 लाख अवैध वस्तुओं को बाजार से सफलतापूर्वक हटा दिया है।

इस तरह की अधिकांश कार्रवाई मुंबई में हुई, जहां तकरीबन 1 लाख के अवैध सामान जब्त किए गए।एसपी इंडिया के प्रिंटिंग सिस्टम के वरिष्ठ निदेशक सुनील राघवन ने कहा, “यह पहल सुनिश्चित करती है कि व्यक्तियों को प्रामाणिक एचपी उत्पाद प्राप्त हों, गुणवत्ता मानकों को कायम रखा जाए और उपभोक्ता हितों की रक्षा की जाए।”मुंबई में अधिकारियों ने पिछले साल फरवरी में लक्षित प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए एचपी प्रिंटर के लिए नकली कार्ट्रिज बनाने और उन्हें ऑनलाइन बेचने की योजना को रोक दिया था।

रिपोर्ट में कहा गया है कि उन्होंने नकली कार्ट्रिज और घटकों सहित लगभग 25,000 अवैध वस्तुएं जब्त की।पिछले साल मार्च में दिल्ली और मुंबई इलाकों में अधिकारियों ने एचपी प्रिंटर के लिए नकली प्रिंटिंग सप्लाई बनाने वाले दो बड़े ऑपरेशनों को विफल कर दिया था। अधिकारियों ने दो छापों में लगभग 14,000 अवैध वस्तुएं जब्त की।रिपोर्ट के मुताबिक, इसके अलावा अप्रैल से अक्टूबर 2023 तक अधिकारियों ने दिल्ली, मुंबई और कोलकाता के बाजार से लगभग 82,000 अवैध वस्तुएं जब्त की।एचपी ने नवंबर 2022 से अक्टूबर 2023 तक भारत में लगभग 300 ग्राहक डिलीवरी निरीक्षण किए।