हिमंत विश्व शर्मा की धमकी से कांग्रेसी डरने वाले नहीं: राहुल

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को देश का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री करार देते हुए रविवार को कहा कि वह प्रदेश में लूट मचा रहे हैं और भारत जोड़ो न्याय यात्रा को मिल रहे भारी समर्थन से बौखला कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को धमका रहे हैं लेकिन कांग्रेस के लोग उनकी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं।

श्री गांधी ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा के अरुणाचल से फिर असम पहुंचने पर रविवार को यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि श्री शर्मा देश के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं। असम की पूरी सरकार सिर्फ एक परिवार के लिए चलाई जा रही है और दिल्ली की भाजपा सरकार अडानी को फायदा पहुंचा रही है।

उन्होंने कहा, “हिंदुस्तान का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री कौन है। जवाब है, हिमंत विश्व शर्मा और ये बात असम की जनता और पूरा देश जानता है। जो लोग हमें धमका रहे हैं, वो ये जान लें कि ये राहुल गांधी की यात्रा नहीं है, असम की जनता की यात्रा है। राहुल गांधी और असम की जनता मुख्यमंत्री से डरते नहीं हैं, उन्हें जो करना है, कर लें।”

भारत जोड़ो न्याय यात्रा का लक्ष्य बताते हुए उन्होंने कहा “आपके मुद्दे सुनना और उनके लिए लड़ाई लड़ना ही ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का लक्ष्य है। मैं जानता हूं कि हमारे कार्यकर्ताओं को धमकाया जाता है, लेकिन आप हमारी विचारधारा के लिए लड़ते हैं। आप हमारे बब्बर शेर हैं। आप सबने इतना प्यार दिया, हमारी मदद की और इसके लिए मैं आपका दिल से धन्यवाद करना चाहता हूं।”

उन्होंने कहा “असम के युवाओं और किसानों पर अन्याय हो रहा है। यहां के युवा लाखों रुपए लगाकर स्कूल-कॉलेज जाते हैं लेकिन फिर पता चलता है कि असम में उन्हें रोजगार नहीं मिल सकता। किसानों को फसल का सही दाम नहीं मिलता, छोटे दुकानदारों को नोटबंदी और जीएसटी से बर्बाद कर दिया गया।

देश की पूरी सरकार चुनिंदा उद्योगपतियों के लिए चलाई जाती है। इसी के खिलाफ हमने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ निकाली है।”श्री गांधी ने भाजपा आरएसएस पर भी हमला किया और कहा, “भाजपा आरएसएस देश में नफरत और हिंसा फैला रही है। इनका लक्ष्य जनता का धन छीनकर देश के दो-तीन बड़े उद्योगपतियों को देने का है। इसलिए हमने पिछले साल कन्याकुमारी से कश्मीर तक ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की और उस यात्रा में हम लाखों लोगों से मिले। युवाओं ने हमसे बेरोजगारी और किसानों ने फसल के सही दाम न मिलने के मुद्दे उठाए। अब एक बार फिर से आपकी आवाज सुनने के लिए हमने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ शुरू की।”