भाजपा की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बृहस्पतिवार को आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए उत्तराखंड से अपना नामांकन दाखिल किया।राज्यसभा की अप्रैल में रिक्त होने वाली 56 सीटों के लिए 27 फरवरी को चुनाव होगा और बृहस्पतिवार को नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख है।
राज्य विधानसभा सचिवालय में चुनाव अधिकारी के समक्ष नामांकन दाखिल करते समय भट्ट के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम तथा अन्य नेता मौजूद थे।सभी कैबिनेट मंत्रियों और विधायकों के अलावा प्रदेश भाजपा महासचिव (संगठन) अजय कुमार, हरिद्वार से सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी, टिहरी से सांसद माला राज लक्ष्मी शाह और पौड़ी से सांसद तीरथ सिंह रावत भी मौजूद थे।
भाजपा ने 11 फरवरी को भट्ट की राज्यसभा के लिए उम्मीदवारी की घोषणा की थी।पूर्व विधायक भट्ट भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी बलूनी के अप्रैल में समाप्त हो रहे कार्यकाल के बाद रिक्त हो रही राज्यसभा सीट के लिए चुनाव लड़ेंगे।भट्ट 2002 में पहली बार नंदप्रयाग से राज्य विधानसभा के लिए चुने गए थे।
वह कई वर्षों के अंतराल के बाद 2017 में बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए थे। उन्होंने भाजपा में विभिन्न संगठनात्मक पदों पर कार्य किया और 2002 से 2007 तक राज्य विधानसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक भी रहे।वर्ष 2010 से 2012 तक उन्होंने राज्य मंत्री के समकक्ष पद पर कार्य किया। भट्ट जुलाई 2022 में भाजपा की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष बने थे।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check