जी20 के लिए रात्रिभोज निमंत्रण पर ‘प्रेसिडेंट ऑफ भारत’ (भारत के राष्ट्रपति) लिखे जाने के बाद छिड़े विवाद पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता मनोज झा ने मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की वजह से बेचैन हो गई है।भाजपा नीत सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि लोग जल्द ही उन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएंगे। वहीं कांग्रेस ने जी20 के रात्रिभोज निमंत्रण के लिए राष्ट्रपति को ‘प्रेसिडेंट ऑफ भारत’ के रूप में संदर्भित करने का दावा किया और ‘राज्यों के संघ’ पर नरेन्द्र मोदी सरकार द्वारा हमला करने का आरोप लगाया।
झा ने कहा, ”हमें नहीं पता था कि भाजपा इतनी बेचैन हो जाएगी…अभी तो ‘इंडिया’ गठबंधन बने कुछ ही सप्ताह हुए हैं और आप ‘रिपब्लिक ऑफ इंडिया’ को ‘रिपब्लिक ऑफ भारत’ में बदलने के लिए प्रस्ताव ला रहे हैं।” इस मामले पर सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
झा ने कहा, ”हमारा संविधान स्पष्ट रूप से कहता है ‘इंडिया दैट इज भारत’ (इंडिया जो भारत है)। हमारी (विपक्षी गठबंधन की) टैगलाइन कहती है..जुड़ेगा भारत, जीतेगा इंडिया। आप न तो इंडिया ले पाएंगे और न ही भारत। लोग आपसे आपकी वो शक्ति छीन लेंगे, जिसने आपको यह सब करने के लिए सक्षम बनाया है। लोग भारत और इंडिया दोनों से प्यार करते हैं।” उन्होंने कहा, ”संविधान का पहला अनुच्छेद कहता है कि इंडिया, जो भारत है, राज्यों का एक संघ है।”
पिछले दिनों कई भाजपा नेताओं ने ‘इंडिया’ का नाम बदलकर ‘भारत’ करने की मांग की थी। हाल ही में समाप्त हुए मानसून सत्र में भाजपा सांसद नरेश बंसल ने राज्यसभा में कहा था कि ‘इंडिया’ नाम ‘औपनिवेशिक गुलामी’ का प्रतीक है और उसे संविधान से हटाया जाना चाहिए।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check