बिहार के पटना जिले के मसौढ़ी अंचल में ‘डॉग बाबू’ के नाम से निवास प्रमाण-पत्र निर्गत करने का मामला सामने आया है। इसे लेकर विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रमाण-पत्र निर्गत करने वाले अधिकारी और कर्मचारी की आलोचना हो रही है।
इस दस्तावेज में नाम दर्ज है ‘डॉग बाबू’, पिता का नाम ‘कुत्ता बाबू’, माता का नाम ‘कुतिया बाबू’, और पता काउलीचक, वार्ड नंबर 15, नगर परिषद मसौढ़ी लिखा है। वहीं, फोटो की जगह पर एक कुत्ते की तस्वीर है।
पटना जिला प्रशासन के मुताबिक, मामला संज्ञान में आते ही उक्त निवास प्रमाण-पत्र को रद्द कर दिया गया है। साथ ही आवेदक, कंप्यूटर ऑपरेटर और प्रमाण-पत्र निर्गत करने वाले पदाधिकारी के विरुद्ध स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
इधर, पटना जिला प्रशासन ने मसौढ़ी के अनुमंडल पदाधिकारी को पूरे मामले की विस्तृत जांच कर 24 घंटे के अंदर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। जिला प्रशासन के मुताबिक, दोषी कर्मियों और अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय तथा अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check