श्रीलंका की कैबिनेट ने भारत सहित सात देशों के यात्रियों को पांच माह के मुफ्त वीजा देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। श्रीलंका के विदेश मामलों के मंत्री अली साबरी ने मंगलवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर मुफ्त वीजा यात्रा तत्काल प्रभाव से शुरू की गई है जो 31 मार्च तक जारी रहेगी।
कैबिनेट द्वारा पारित प्रस्ताव में कहा गया है कि भारत, चीन, रूस, मलेशिया, जापान, इंडोनेशिया और थाईलैंड के यात्रियों को श्रीलंका पांच माह के लिए मुफ्त वीजा देगा। खास बात यह है कि श्रीलंका की तरफ से जिन देशों के यात्रियों को यह पेशकश की गई है उसमें अमेरिका शामिल नहीं है।
श्रीलंका के पर्यटन मंत्रालय के मुताबिक इस कदम का उद्देश्य देश में अधिक से अधिक पर्यटकों को आकर्षित करना है। इससे मंत्रालय को आने वाले वर्षों में पर्यटकों की संख्या बढ़ कर 50 लाख तक पहुंचने की उम्मीद है। इससे पर्यटकों के वीजा प्राप्त करने में खर्च होने वाले पैसे और समय की बचत भी होगी।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check