लोकसभा में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निशिकांत दुबे ने झारखंड में आदिवासी समुदाय की आबादी घटने का मुद्दा उठाते हुए इसकी जांच और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) लागू करने की मांग की।
दुबे ने शून्य काल में यह मुद्दा उठाते हुए् कहा कि वर्ष 1951 में राज्य में आदिवासी समुदाय की जनसंख्या 36 प्रतिशत थी, जो अब घटकर मात्र 24 प्रतिशत रह गयी है। जब सभी समुदायों की संख्या बढ़ रही है तो आदिवासी समुदाय की संख्या घट क्यों रही है। इसको सोचने और समझने की जरूरत है। यह स्थिति क्यों उत्पन्न हुई इसकी व्यापक जांच करवाई जानी चाहिए।
दुबे ने बताया कि वह यह मुद्दा कई बार उठा चुके हैं, लेकिन इस गंभीर मुद्दे पर अब तक कुछ ठोस नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के मालदा, मुर्शिदाबाद और कुछ अन्य जिले तथा बिहार के कुछ इलाकों में बंगलादेशी घुसपैठियों की घटनाएं बढ़ी हैं। इसी तरह झारखंड के कुछ क्षेत्रों में भी बंगलादेशी घुसपैठिये आ गये हैं। उन्होंने इसकी पूरी जांच और झारखंड को बंगलादेशी घुसपैठियों से बचाने की मांग की।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check