अमेरिका ने ईरान का दस लाख बैरल कच्चा तेल जब्त कर लिया है। ईरान ने अमेरिका की निंदा करते हुए इसे डकैती करार दिया है। अमेरिका के न्यायिक विभाग ने दस लाख बैरल तेल वाले ईरानी कार्गो को जब्त किये जाने की जानकारी दी।न्यायिक विभाग ने एक बयान में कहा कि यह उस कंपनी से जुड़ा आपराधिक मामला है, जिसने ईरान के तेल की अवैध बिक्री और परिवहन की सुविधा देकर प्रतिबंधों का उल्लंघन किया है।
ईरान के तेल की जब्ती के बाद वॉशिंगटन ने तेहरान पर खाड़ी पार करने वाले कई जहाजों को जब्त करने का आरोप लगाया। हालांकि, ईरान ने अंतरराष्ट्रीय जल में ईरानी संपत्ति पर कब्जा करना समुद्री डकैती के बराबर बताया है। वहीं अमेरिका ईरान के तेल जहाजों को रोकने को कानून प्रवर्तन के रूप में मानता है।
अगस्त में अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा था कि वाशिंगटन बढ़ते परमाणु खतरों को कम करने के लिए तेहरान के किसी भी कदम का स्वागत करता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि ईरान की हिरासत में लिए गए अमेरिकी नागरिकों को वापस लाने की प्रक्रिया जारी है। साल 2015 के परमाणु समझौते में ईरान ने आर्थिक प्रतिबंध हटाने के बदले में अपने परमाणु विकास को घटा दिया था, जिसे अब पुनर्जीवित करना अमेरिका और ईरान दोनों के लिए मुश्किल हो गया है। यह डील वर्ष 2018 में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रद्द कर दी थी।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check