कुपवाड़ा जिले के लालपोरा इलाके में हथियारों और गोला-बारूद के साथ एक आतंकवादी सहयोगी को सुरक्षाबलों ने गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि गुंडिमाचेर ब्रिज पर कुपवाड़ा पुलिस, सेना की 28 आरआर और सीआरपीएफ 162वीं बटालियन ने एक संयुक्त नाका लगाया।
चेकिंग के दौरान लालपोरा से गुंडमाचेर की ओर आ रहे एक व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि देखी गई, जिसके पास सफेद रंग का एक बैग था।सुरक्षाबलों को देखते ही व्यक्ति ने मौके से भागने का प्रयास किया लेकिन सतर्क जवानों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।
प्रारंभिक पूछताछ के दौरान गिरफ्तार व्यक्ति ने अपना नाम रफीक अहमद गनी और लालपोरा का निवासी बताया। बैग की तलाशी लेने पर उसमें से एक पिस्तौल, पिस्तौल मैगजीन, 10 राउंड, दो हथगोले और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। इस संदर्भ में पुलिस स्टेशन लालपोरा में एक मामला दर्ज करके आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check