बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हाल ही में हुई भगदड़, जिसमें 11 लोगों की मौत और 50 से अधिक घायल हुए, ने कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) को विवादों के घेरे में ला खड़ा किया है। अब इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केएससीए के सचिव ए. शंकर और कोषाध्यक्ष ई.एस. जयराम ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है।
दोनों अधिकारियों ने गुरुवार रात को अध्यक्ष रघुराम भट को इस्तीफा सौंपा। एक संयुक्त बयान में उन्होंने कहा,
“हालांकि इस घटना में हमारी सीधी भूमिका नहीं थी, फिर भी हमने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद छोड़ने का निर्णय लिया है।”
KSCA बोला – आयोजन की जिम्मेदारी हमारी नहीं
इससे पहले केएससीए ने कर्नाटक हाई कोर्ट में हलफनामा दायर कर यह स्पष्ट किया कि वह सिर्फ आयोजन स्थल उपलब्ध कराने और अनुमति देने तक सीमित था, जबकि भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी RCB और इवेंट पार्टनर DNA एंटरटेनमेंट नेटवर्क की थी।
5 जून को विधान सौधा में RCB की जीत का जश्न मनाने के बाद स्टेडियम में भी एक विजय परेड आयोजित की गई थी। लेकिन RCB के सोशल मीडिया पोस्ट को अचानक हटाने के बाद फैन्स में भ्रम की स्थिति बन गई, जिसके चलते हजारों की संख्या में भीड़ बेकाबू हो गई और भगदड़ मच गई।
अब तक 4 गिरफ्तार, हाईकोर्ट ने 16 जून तक दंडात्मक कार्रवाई पर लगाई रोक
घटना की गंभीरता को देखते हुए कर्नाटक हाईकोर्ट ने इसका स्वत: संज्ञान लिया है। कोर्ट ने KSCA अधिकारियों के खिलाफ 16 जून तक किसी भी तरह की दंडात्मक कार्रवाई पर अस्थायी रोक लगा दी है।
इस मामले में RCB के मार्केटिंग हेड सहित 4 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। KSCA, RCB और DNA एंटरटेनमेंट के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है।
यह भी पढ़ें:
भीगे हुए अंजीर से पाएं सेहत का खजाना, जानिए सेवन का सही तरीका
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check