टीम इंडिया अगले महीने इंग्लैंड दौरे पर पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी, लेकिन इससे पहले इंडिया ए की टीम भी इंग्लैंड का दौरा करेगी। इंडिया ए को इंग्लैंड लॉयंस के खिलाफ दो अनौपचारिक चार दिवसीय मैच खेलने हैं। बीसीसीआई ने इस सीरीज के लिए इंडिया ए के स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। बंगाल के अनुभवी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन इस टीम की कप्तानी करेंगे, वहीं करुण नायर, ईशान किशन और शार्दुल ठाकुर जैसे स्टार खिलाड़ी भी इस टीम का हिस्सा होंगे।
इस स्क्वॉड में एक नाम है हर्ष दुबे का, जो इस दौरे के लिए एक बड़ा मौका साबित हो सकता है। पिछले कुछ समय में हर्ष ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है, जिससे वह इंडिया ए टीम का हिस्सा बने हैं।
कौन हैं हर्ष दुबे?
इंग्लैंड दौरे के लिए चुनी गई इंडिया ए टीम में सबसे ज्यादा ध्यान हर्ष दुबे ने खींचा है। विदर्भ के लेफ्ट-आर्म स्पिनर हर्ष दुबे की इस महीने आईपीएल में भी एंट्री हुई थी। 22 साल के हर्ष दुबे अपनी कातिल गेंदबाजी के लिए मशहूर हैं। पुणे में जन्मे हर्ष ने दिसंबर 2022 में रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया था और अब तक सिर्फ तीन सीजन खेले हैं। हालांकि, इस दौरान उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया, जिससे सेलेक्टर्स का ध्यान अपनी ओर खींचा और वे इंडिया ए में जगह बनाने में कामयाब रहे।
रणजी ट्रॉफी 2024-25: हर्ष का ऐतिहासिक प्रदर्शन
रणजी ट्रॉफी 2024-25 सीजन हर्ष दुबे के लिए बेहद खास रहा। इस सीजन में उन्होंने सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड तोड़ा। हर्ष ने 69 विकेट लेकर विदर्भ को रणजी ट्रॉफी का खिताब दिलवाने में अहम भूमिका निभाई। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया, जो उनके लिए एक बड़ी उपलब्धि रही। अब तक हर्ष ने 18 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं और 97 विकेट चटकाए हैं।
काव्या मारन की सनराइजर्स हैदराबाद टीम में भी शामिल
सनराइजर्स हैदराबाद ने हाल ही में हर्ष दुबे को अपनी टीम में शामिल किया था। इसके लिए हैदराबाद ने 30 लाख रुपए खर्च किए। हालांकि, व्हाइट-बॉल फॉर्मेट में उनका प्रदर्शन ज्यादा खास नहीं रहा है। लिस्ट ए क्रिकेट में हर्ष ने 34.66 की औसत से 21 विकेट लिए हैं, वहीं टी20 में उनकी इकॉनमी रेट 6.78 रही है। लेकिन रणजी ट्रॉफी 2024-25 के बाद उनका प्रदर्शन एकदम बदल गया है।
इंग्लैंड दौरे के लिए इंडिया-A का स्क्वॉड
अभिमन्यु ईश्वरन (कप्तान), ध्रुव जुरेल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, करुण नायर, नीतीश कुमार रेड्डी, शार्दुल ठाकुर, ईशान किशन, मानव सुथार, तनुष कोटियां, मुकेश कुमार, आकाश दीप, हर्षित राणा, अंशुल कम्बोज, खलील अहमद, ऋतुराज गायकवाड़, सरफराज खान, तुषार देशपांडे, हर्ष दुबे। शुभमन गिल और साई सुदर्शन (दोनों दूसरे मैच से उपलब्ध होंगे)।
यह भी पढ़ें:
अब व्हाट्सएप फोटो भी कर सकती है खाता खाली! सावधान रहें नए स्कैम से
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check