‘मिर्जापुर’ वेब सीरीज के दोनों सीजन ने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर जबरदस्त धूम मचाई। इस एक्शन, क्राइम और थ्रिलर से भरपूर सीरीज के सभी किरदारों को दर्शकों ने बेहद पसंद किया। स्वीटी का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस श्रिया पिलगांवकर ने भी इस सीरीज में बेहतरीन काम किया था, हालांकि वे केवल पहले सीजन में ही नजर आईं, क्योंकि आखिरी एपिसोड में उनका डेथ सीन दिखाया गया था। इसके बावजूद, ‘मिर्जापुर’ के बाद श्रिया ओटीटी प्लेटफॉर्म पर छा गईं।
25 अप्रैल 1989 को मुंबई में जन्मी श्रिया पिलगांवकर आज अपना 36वां बर्थडे मना रही हैं। एक्टिंग के गुण उन्होंने अपने पिता सचिन पिलगांवकर और मां सुप्रिया पिलगांवकर से ही सीखे हैं, क्योंकि दोनों ही बेहतरीन कलाकार हैं। श्रिया ने 2016 में शाहरुख खान की फिल्म ‘फैन’ से बॉलीवुड डेब्यू किया था, लेकिन ओटीटी पर उनका डेब्यू ‘मिर्जापुर’ (2018) से हुआ।
श्रिया पिलगांवकर की बेस्ट वेब सीरीज
‘मिर्जापुर’ के बाद श्रिया ने कई और वेब सीरीज में शानदार अभिनय किया, जिनकी उनके फैंस और क्रिटिक्स ने सराहना की। यहां हम आपको उनकी 5 बेहतरीन वेब सीरीज के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें आपको जरूर देखना चाहिए।
ताजा खबर
2023 में आई वेब सीरीज ‘ताजा खबर’ में मशहूर यूट्यूबर भुवन बाम मुख्य भूमिका में थे, और उन्होंने इसे प्रोड्यूस भी किया था। इस सीरीज के दो सीजन आ चुके हैं और दोनों ही शानदार रहे हैं। आप इसे जियो हॉटस्टार पर देख सकते हैं, जहां श्रिया ने भुवन के अपोजिट काम किया।
द ब्रोकेन न्यूज
2022 में आई यह वेब सीरीज मीडिया पर आधारित है। इसमें श्रिया के अलावा जयदीप अहलावत, श्रेया मेहता और सोनाली बेंद्रे भी अहम किरदारों में हैं। इस सीरीज को आप जी5 पर देख सकते हैं।
द गॉन गेम
2020 में आई इस क्राइम, मिस्ट्री और सस्पेंस थ्रिलर सीरीज का आखिरी एपिसोड 2022 में आया था। इस सीरीज में श्रिया के साथ अर्जुन माथुर, हरलीन सेट्ठी, लुबना सलीम, श्वेता त्रिपाठी जैसे कलाकार भी नजर आए थे। आप इसे अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।
गिल्टी माइंड्स
2022 में आई यह वेब सीरीज एक मल्टी स्टार कंटेंट था। इसमें श्रिया के अलावा नम्रता सेठ, वरुण मित्रा, सुगंधा गर्ग जैसे कलाकार नजर आए थे। आप इसे अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।
क्रैकडाउन
2023 में आई इस वेब सीरीज में श्रिया लीड रोल में नजर आई थीं। इस सीरीज में तान्या देसाई, अंकुर भाटिया, सबा सौदागर जैसे कलाकार भी थे। आप इसे जियो हॉटस्टार पर देख सकते हैं।
यह भी पढ़ें:
सिर्फ ट्रेलर था, पिक्चर अभी बाकी है” – मोदी सरकार की पाकिस्तान पर चोट