उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विमान को आगरा में आपात स्थिति में लैंड कराना पड़ा। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद तकनीकी खराबी के कारण प्लेन को वापस खेरिया एयरपोर्ट पर उतारा गया। इसके बाद दिल्ली से दूसरा चार्टर्ड प्लेन मंगवाया गया, जिससे सीएम योगी लखनऊ रवाना हुए।
हवा में संकट, पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगरा दौरे के बाद लखनऊ लौट रहे थे। बुधवार दोपहर 3:40 बजे उनके चार्टर्ड प्लेन ने टेकऑफ किया, लेकिन 20 मिनट बाद विमान में तकनीकी खराबी आ गई। प्लेन आसमान में था, लेकिन पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे सुरक्षित आगरा एयरपोर्ट पर लैंड करा लिया।
सीएम योगी को करना पड़ा इंतजार
तकनीकी खराबी के कारण सीएम योगी को करीब 1.50 घंटे तक आगरा एयरपोर्ट के लाउंज में इंतजार करना पड़ा। इस दौरान पुलिस आयुक्त (सीपी), जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) और अन्य वरिष्ठ अधिकारी एयरपोर्ट पर मौजूद रहे। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही थी।
दूसरे विमान से लखनऊ रवाना हुए सीएम योगी
तकनीकी समस्या को देखते हुए दिल्ली से शाम 5:42 बजे दूसरा चार्टर्ड प्लेन मंगवाया गया। पूरी सुरक्षा जांच के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उस विमान से लखनऊ के लिए रवाना हुए। इस देरी के कारण लखनऊ में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होने वाला आठ साल पूरे होने का कार्यक्रम रद्द करना पड़ा।
यह घटना किसी बड़े हादसे में तब्दील हो सकती थी, लेकिन पायलट की सतर्कता और त्वरित निर्णय से सभी सुरक्षित रहे।
यह भी पढ़ें:
REET 2024 आंसर-की जारी! यहां देखें डायरेक्ट लिंक और आपत्ति दर्ज करने की डेडलाइन