आईपीएल हर साल नए सितारों को जन्म देता है, और इस बार दिल्ली कैपिटल्स के युवा बल्लेबाज आशुतोष शर्मा सुर्खियों में हैं। उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ मैच जिताऊ पारी खेलकर अपनी टीम को एक हारा हुआ मुकाबला जिता दिया।
इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवॉर्ड दिया गया, जिसे उन्होंने अपने गुरु शिखर धवन को समर्पित किया। आशुतोष ने वीडियो कॉल पर धवन से बात भी की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
गुरु शिखर धवन को समर्पित किया अवॉर्ड
आशुतोष शर्मा ने इस मुकाबले में 31 गेंदों पर 66 रन ठोक दिए, जिसमें 5 चौके और 5 छक्के शामिल थे। उन्होंने 212.90 की स्ट्राइक रेट से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली को 210 रनों का मुश्किल लक्ष्य हासिल करने में मदद की।
मैच के बाद जब उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, तो उन्होंने कहा—
“पिछले साल से मैंने सबक लिया। कई मौकों पर मैच खत्म करने से चूक गया था। पूरे साल मैंने ध्यान केंद्रित किया और इसकी कल्पना की थी। मुझे विश्वास था कि अगर मैं आखिरी ओवर तक खेलूंगा, तो कुछ भी संभव है। विप्रज निगम ने भी शानदार खेल दिखाया। मैं यह अवॉर्ड अपने गुरु शिखर पाजी को समर्पित करता हूं।”
कैसे गुरु-शिष्य का रिश्ता बना?
आशुतोष शर्मा पिछले सीजन पंजाब किंग्स का हिस्सा थे, जहां उन्हें शिखर धवन की कप्तानी में डेब्यू करने का मौका मिला। तभी से उन्होंने धवन को अपना गुरु मान लिया।
मैच जीतने के बाद आशुतोष ने शिखर धवन को वीडियो कॉल कर बधाई ली। दिल्ली कैपिटल्स ने इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया, जिसे फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।
दिल्ली के लिए ‘मैच विनर’ साबित हुए आशुतोष!
दिल्ली कैपिटल्स की हालत 65 रन पर 5 विकेट गिरने के बाद बेहद खराब थी। लेकिन आशुतोष शर्मा ने आखिरी 3 गेंद रहते ही मैच खत्म कर दिया और दिल्ली को आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी चेज़ में से एक दिलाई।
यह भी पढ़ें:
तलाक के बाद भी करोड़ों में खेलेंगे चहल, एलिमनी से ज्यादा होगी कमाई
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check