अमिताभ, धर्मेन्द्र और रजनीकांत ने रतन टाटा को दी श्रद्धांजलि

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन, ही मैन धर्मेन्द्र और दक्षिण भारतीय फिल्मों के महानायक रजनीकांत ने टाटा संस के मानद अध्यक्ष पद्म विभूषण रतन एन टाटा के निधन पर उन्हें श्रंदाजलि दी है।

भारत मे दिग्‍गज उद्योगपति रतन टाटा का बुधवार की रात निधन हो गया। रतन टाटा के निधन की खबर आने के बाद से देश में शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर लोग रतन टाटा को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

महानायक अमिताभ बच्चन ने भी उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने रतन टाटा के निधन को ‘भारत के एक युग का अंत’ बताया है। अमिताभ ने अपने एक्स हैंडल पर एक भावुक पोस्ट करते हुए टाटा को विनम्र श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने लिखा,अभी-अभी श्री रतन टाटा के निधन की खबर मिली… वह बहुत लंबे समय से काम कर रहे थे। एक युग का अंत हो गया… एक बेहद सम्मानित, विनम्र और दूरदर्शिता व दृढ़ संकल्प वाले दूरदर्शी लीडर थे। उनके साथ मैंने कुछ अद्भुत पल बिताए। कई अभियानों के दौरान हमने साथ काम किया था। मेरी प्रार्थनाएं।

दिग्गज अभिनेता धर्मेन्द्र ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर रतन टाटा की तस्वीर शेयर कर भावुक कैप्शन लिखा, ‘रतन टाटा साहब, हसरत ही रह गई आपसे मिलने की। एक विनम्र राजा, जिन्होंने अपने कर्मचारियों की अपने बच्चों की तरह देखभाल की। सर, आपको हमेशा बड़े प्यार और सम्मान के साथ याद किया जाएगा।’

रजनीकांत ने एक्स पर लिखा,एक महान दिग्गज आइकन, जिन्होंने अपनी दूरदर्शिता और जुनून से भारत को वैश्विक मानचित्र पर स्थापित किया।वह व्यक्ति जिसने हजारों उद्योगपतियों को प्रेरित किया..वह व्यक्ति जिसने कई पीढ़ियों के लिए लाखों-करोड़ों नौकरियां प्रदान की।वह व्यक्ति जिसे सभी प्यार करते थे और सम्मान देते थे।उन्हें मेरा शत-शत नमन। मैं इस महान आत्मा के साथ बिताए हर पल को हमेशा संजो कर रखूँगा..भारत का एक सच्चा सपूत अब नहीं रहा. .. आरआइपी रतन टाटा।

यह भी पढ़े :-

करण जौहर का बड़ा फैसला, अब किसी भी फिल्म की प्री-स्क्रीनिंग नहीं करेगा धर्मा प्रोडक्शंस