इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस और कमलनाथ पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मप्र को तबाह और बर्बाद कर दिया था। बीमारू राज्य बना दिया था। न बिजली थी न सड़क और न पानी का इंतजाम। हमारी सरकार ने सभी व्यवस्थाएं की है। गरीबी से लोगों को मुक्ति दिलाने के साथ ही
आज मध्य प्रदेश को समृद्ध प्रदेश बनाया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कमलनाथ और कांग्रेस की सरकार में प्रदेश के सचिवालय को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया था। किसान और केंद्र सरकार की योजनाओं को बंद कर दिया था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि आगामी चुनाव में दो माह शेष हैं, अपना पूरा समय पार्टी के लिए दें। यह संकल्प ले कि अपना बूथ जिताएंगे।
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी सुबह 10:55 बजे वायुसेना के विशेष विमान से भोपाल पहुंचे। यहां से वे हेलिकॉप्टर से जंबूरी मैदान आए। यहां हेलिपैड पर प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह ने उनकी अगवानी की। यहां से प्रधानमंत्री मोदी खुली कार में सवार होकर जैसे ही कार्यक्रम स्थल पहुंचे। खुली जीप पर प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा भी सवार थे। मोदी ने कार्यक्रम के मंच पर पहुंचकर सबसे पहले पंडित दीनदयाल उपाध्याय की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। कार्यक्रम के मंच पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णु शर्मा भी मौजूद रहे।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check