महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट से कांग्रेस सदस्य वसंत चव्हाण का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि चव्हाण (69) ने सुबह करीब चार बजे अंतिम सांस ली। वह पिछले सप्ताह से किडनी संबंधी समस्या का इलाज करा रहे थे।
चव्हाण इस साल हुए लोकसभा चुनाव में मराठवाड़ा क्षेत्र की नांदेड़ लोकसभा से निवर्तमान सांसद और भाजपा के कद्दावर नेता प्रताप पाटिल चिखलीकर को हराकर अपने लंबे राजनीतिक करियर में पहली बार लोकसभा के सदस्य निर्वाचित हुए।
चव्हाण ने इस साल हुए लोकसभा चुनाव में अस्वस्थ रहने के बावजूद जीत हासिल की थी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने चव्हाण के निधन पर शोक प्रकट किया।
खरगे ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘महाराष्ट्र के नांदेड़ से सांसद वसंतराव चव्हाण के निधन पर मेरी संवेदनाएं। एक वरिष्ठ नेता, जिन्होंने ग्राम पंचायत सदस्य के रूप में जमीनी स्तर से अपनी राजनीति शुरू की और विभिन्न निर्वाचित पदों पर लोगों की सेवा की, उन्होंने अपनी अंतिम सांस तक अपने क्षेत्र में कांग्रेस की विचारधारा की रक्षा की। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार, मित्रों और समर्थकों के साथ हैं।’’
प्रियंका गांधी वाद्रा ने अपने शोक संदेश में लिखा, ‘‘महाराष्ट्र के नांदेड़ से सांसद एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता वसंत चव्हाण जी के निधन की खबर अत्यंत दुःखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। मेरी गहन संवेदनाएं।’’
कांग्रेस ने चव्हाण के निधन को पार्टी परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
पार्टी ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर लिखा, ‘‘वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं नांदेड़ लोकसभा सीट से सांसद वसंतराव चव्हाण जी के निधन की खबर अत्यंत दुःखद है। चव्हाण ने अपना पूरा जीवन कांग्रेस की विचारधारा के समर्थन एवं प्रचार-प्रसार में समर्पित कर दिया।’’
नांदेड़ जिले के नायगांव में जन्मे चव्हाण लंबे समय तक ग्राम पंचायत सदस्य रहे और बाद में 1990 तथा 2002 में जिला परिषद सदस्य बन गए।
वह 2002 में महाराष्ट्र विधान परिषद के लिए चुने गए और बाद में नायगांव विधानसभा सीट से राज्य विधानसभा के सदस्य बने। वह 2009 से 2014 तक विधायक रहे।
चव्हाण 2021 से 2023 तक नांदेड़ जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष भी रहे।
सूत्रों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार नायगांव में मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे किया जाएगा।
यह भी पढ़े :-
विटामिन डी की कमी का समाधान: धूप के साथ ये चीजें भी दूर करेंगी विटामिन डी की कमी
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check