पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में खुफिया जानकारी के आधार पर दो अलग-अलग अभियानों में आठ आतंकवादी मारे गए और पांच को गिरफ्तार कर लिया गया। सेना ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
सेना की मीडिया शाखा, इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने एक बयान में कहा कि पहला अभियान बन्नू जिले के जानी ख़ेल में चलाया गया। सुरक्षाकर्मियों और आतंकवादियों के बीच हुई भीषण गोलीबारी में छह आतंकवादी मारे गये जबकि पांच को पकड़ लिया गया।
आईएसपीआर के अनुसार, अभियान में मारे गए आतंकवादी सुरक्षा बलों के खिलाफ कई आतंकी गतिविधियों में शामिल थे, जिनमें पिछले महीने जानी ख़ेल में एक सैन्य काफिले पर मोटरसाइकिल से किया गया आत्मघाती हमला शामिल है। इस हमले में सेना के नौ जवानों की मौत हुई थी।
उत्तरी वजीरिस्तान कबायली जिले के दत्ता ख़ेल में चलाए गए एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों से हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए। मारे गए आतंकवादियों के पास से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद हुआ है।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check