भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शनिवार को एफआईएच प्रो लीग सीज़न के अपने अंतिम चरण की शुरुआत जीत के साथ करते हुए विश्व चैंपियन जर्मनी को 3-0 से शिकस्त दी। इस मैच में जर्मनी को 12 पेनल्टी कॉर्नर (पीसी) मिले, लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत वे एक भी गोल में नहीं बदल सका।
हरमनप्रीत सिंह (16′), सुखजीत सिंह (41′) और गुरजंत सिंह (44′) के गोलों की बदौलत भारत को प्रतिष्ठित लीग के अपने अंतिम चरण की सही शुरुआत करने में मदद मिली।
शुरुआती क्वार्टर में दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया, भारत के लिए सुखजीत सिंह और मंदीप सिंह ने फॉरवर्ड लाइन में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुछ बेहतरीन मौके बनाए, वहीं टीम के अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी और जर्मनों ने शुरुआती मिनटों में कई पीसी जीते। लेकिन श्रीजेश ने साबित कर दिया कि उन्हें भारत का श्रेष्ठ गोलकीपर क्यों कहा जाता है, गोंजालो पेइलाट की शक्तिशाली फ्लिक को उन्होंने अपने दाहिने हाथ को ऊपर उठाकर बचाया, जो भारतीय प्रशंसकों के लिए विशेष रूप से खुशी का क्षण था।
दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पहला गोल किया। हरमन ने जर्मन कीपर अलेक्जेंडर स्टैडलर के बाईं ओर से गोल किया।
अगले कुछ मिनटों में लगा कि खेल की गति थोड़ी कम हो गई है और दोनों ही टीम बनाए गए मौकों का फायदा नहीं उठा पा रही है। हालांकि जर्मनी ने एक पीसी जीता, लेकिन खतरनाक खिलाड़ी पेइलट को श्रीजेश ने रोके रखा। भारत ने मध्यांतर तक अपनी 1-0 की बढ़त बनाए रखी।
तीसरा क्वार्टर भारत के लिए अपनी बढ़त को बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण था और उन्होंने ठीक वैसा ही किया। भारतीय टीम ने गेंद पर बेहतर कब्ज़ा और तेज़ आक्रमण के साथ दबदबा बनाया। 41वें मिनट में बेहतरीन फॉर्म में चल रहे स्ट्राइकर सुखजीत ने बाएं किनारे से गेंद प्राप्त की, सर्कल की ओर ड्रिबल किया, गेंद अभिषेक के पास पहुँच गए। जर्मन डिफेंडरों को चकमा देते हुए अभिषेक ने शानदार 3डी स्किल्स दिखाई और गेंद को सुखजीत को वापस पास किया, जिन्होंने बेहतरीन फ़िनिश कर भारत को 2-0 से आगे कर दिया। तीन मिनट बाद, गुरजंत सिंह ने जरमनप्रीत सिंह की शानदार असिस्ट के बाद भारत का तीसरा गोल किया। तीसरे क्वार्टर की समाप्ति पर भारत 3-0 से आगे रहा।
चौथे क्वार्टर में जर्मनी ने बैक-टू-बैक पीसी जीते, लेकिन वे भारतीय डिफेंस को भेदने में सफल नहीं हो सके। अंत में भारत ने 3-0 से मैच अपने नाम कर लिया और तीन अंक हासिल किए। इस जीत के साथ ही भारत अब नीदरलैंड और अर्जेंटीना के बाद अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम रविवार को अपने अगले मैच में ग्रेट ब्रिटेन से भिड़ेगी।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check