डेंगू एक संक्रमण बीमारी है जो मादा एडीज एजिप्टी मच्छर के काटने से होती है। डेंगू को ‘हड्डीतोड़ बुखार’ भी कहा जाता है। इस बीमारी से पीड़ित व्यक्ति में तेज बुखार होता है। साथ ही मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द, सिर दर्द, आंखों के पीछे दर्द, उल्टी और मिचली महसूस होना आदि जैसे लक्षण भी दिखाई देते हैं। अगर लापरवाही बरतते हैं, तो यह खतरनाक साबित हो सकता है। इस बीमारी से ग्रसित व्यक्ति के प्लेटलेट्स कम होने लगते हैं। इसमें तत्काल सुधार की जरूरत होती है। इसके लिए डेंगू के मरीजों को अपने खानपान पर विशेष ध्यान देना चाहिए। डॉक्टर्स भी डेंगू के मरीजों को शीघ्र स्वस्थ होने के लिए कई चीजें खाने की सलाह देते हैं। अगर आपको नहीं पता हैं, तो आइए जानते हैं कि डेंगू मे क्या खाएं-पिएं और किन चीजों से परहेज करें-
पपीते के पत्ते का जूस पिएं
पपीते के पत्ते में विटामिन-सी और एंटीऑक्सिडेंट पाए जाते हैं जो इम्यून सिस्टम को मजबूत करने में सहायक सिद्ध होते हैं। डेंगू बुखार से ग्रसित व्यक्ति को प्लेटलेट्स में सुधार के लिए पपीते के पत्ते का जूस पीना चाहिए। इसे दिन में दो बार सेवन करने से बहुत जल्द आराम मिलता है।
वेजिटेबल जूस पिएं
ताजी सब्जियों में आवश्यक पोषक तत्व पाए जाते हैं। साथ ही कई सब्जियों में विटामिन-सी की अधिकता होती है। सब्जियों का जूस पीने से इम्यून सिस्टम मजबूत होता है। इसके लिए आप अपनी पसंद की सब्जियों का जूस बनाकर सेवन करें। आप चाहे तो स्वाद के लिए इसमें नींबू का रस भी मिला सकते हैं।
हर्बल चाय पिएं
आयुर्वेद में हर्बल को औषधि की तरह इस्तेमाल किया जाता है। इसमें कई औषधीय गुण पाए जाते हैं जो सेहत के लिए रामबाण दवा है। इसके लिए आप दालचीनी और अदरक युक्त चाय बनाकर सेवन कर सकते हैं। आप चाहे तो तुलसी, काली मिर्च और लौंग का भी सहारा ले सकते हैं। हर्बल चाय को पीने से मन-मस्तिष्क में ताजगी का संचार होता है।
चिकन सूप पिएं
कई शोध में खुलासा हो चुका है कि चिकन सूप पीने से सर्दी खांसी और जुकाम में आराम मिलता है। इससे शरीर हाइड्रेट रहता है और शरीर का तापमान बढ़ता है, जिससे बलगम खत्म होने लगता है।
नीम पत्ते का जूस पिएं
इसमें कई औषधीय गुण पाए जाते हैं। विशेषज्ञों की मानें तो डेंगू के मरीजों के लिए नीम के पत्ते रामबाण दवा है। इसके लिए नीम के पत्तों को जूस पिएं। इसके सेवन से संक्रमण को कंट्रोल करने में मदद मिलती है।
हल्दी-दूध पिएं
डॉक्टर्स हमेशा फ्लू, सर्दी खांसी और जुकाम को दूर करने के लिए हल्दी-दूध पीने की सलाह देते हैं। अगर आपको हल्दी-दूध पसंद नहीं है, तो हल्दी-पानी का भी सेवन कर सकते हैं।
आंवला जूस पिएं
आंवले में विटामिन-ए और सी पाया जाता है जो प्लेटलेट्स बढ़ाने में मददगार साबित होता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स के गुण पाए जाते हैं। आंवले के सेवन से इम्यून सिस्टम मजबूत होता है और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस दूर होता है।
किन चीजों से परहेज करें
ऑयली और फ्राइड फूड्स से दूर रहें। इसमें बाजार और घर में बनने वाली सभी ऑयली और फ्राइड चीज़ें शामिल हैं। साथ ही कैफीन, कार्बोनेटेड ड्रिंक्स, तीखे और चटपटे चीजें और हाई फैट फूड्स बिल्कुल न खाएं।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check