छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दंतेवाड़ा जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र छिंदनार गांव में क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के आगमन को बदलते हुए बस्तर की सशक्त पहचान बताया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस तरह की पहल बस्तर के युवाओं को नई दिशा देगी और उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन और माणदेशी फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘मैदान कप अभियान’ खेल अधोसंरचना के विकास की दिशा में एक दूरदर्शी पहल है। विशेष रूप से जनजातीय अंचलों में बच्चों को खेल मैदान और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का यह प्रयास बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
गौरतलब है कि सचिन तेंदुलकर ने कल दंतेवाड़ा जिले के छिंदनार गांव में फाउंडेशन द्वारा निर्मित मल्टी स्पोर्ट्स गाउंड का लोकार्पण किया। सचिन तेंदुलकर और मानदेशी फाउंडेशन द्वारा छिंदनार के समान ही इस क्षेत्र के पचास गांवों में इसी तरह के खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं, जहां क्रिकेट के साथ फुटबॉल और कबड्डी जैसी खेल विधाओं को बढ़ावा दिया जाएगा।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check