रामगोपाल वर्मा एक बार फिर अपने विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार मौका था दिवाली का, जब देशभर में लोग खुशियां मना रहे थे, लेकिन वर्मा ने अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए एक नई बहस छेड़ दी।
प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक रामगोपाल वर्मा ने दिवाली के दिन एक ऐसा ट्वीट किया, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी। उन्होंने लिखा, “अगर आपके दिमाग में कचरा भरा है, तो कोई भी त्योहार उसे साफ नहीं कर सकता।” हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर किसी को निशाना नहीं बनाया, लेकिन त्योहारों पर की गई इस टिप्पणी को कई यूजर्स ने भारतीय संस्कृति और परंपराओं का अपमान बताया।
पोस्ट के कुछ ही समय बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स—विशेषकर X (पूर्व में ट्विटर) पर वर्मा को ट्रोल किया जाने लगा। कई यूजर्स ने उन्हें ‘नेगेटिव माइंडसेट’ का व्यक्ति बताया, जबकि कुछ ने तो यहां तक कह दिया कि वर्मा अब सिर्फ सुर्खियों में बने रहने के लिए ऐसे बयान देते हैं।
एक यूजर ने लिखा, “दिमाग में कचरा किसके है, ये जनता तय करेगी। दिवाली पर ऐसी बातें करना बेहद शर्मनाक है।” वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा, “कभी रामायण पर टिप्पणी, कभी हिंदू त्योहारों पर… क्या यही अभिव्यक्ति की आज़ादी है?”
रामगोपाल वर्मा अपने सोशल मीडिया बयानों के लिए पहले भी कई बार विवादों में घिर चुके हैं। चाहे वह धार्मिक मुद्दों पर टिप्पणी हो, या फिर समाजिक परंपराओं पर सवाल उठाना—वर्मा का अंदाज़ हमेशा से विवादस्पद रहा है। उनके आलोचक कहते हैं कि वह चर्चा में बने रहने के लिए जानबूझकर ऐसी टिप्पणियां करते हैं, जबकि उनके समर्थकों का मानना है कि वर्मा समाज की सच्चाई को बिना लाग-लपेट के सामने लाते हैं।
हालांकि, इस बार मामला त्योहारों और सांस्कृतिक भावनाओं से जुड़ा है, और ऐसे में जनता की प्रतिक्रिया अपेक्षाकृत तीखी रही। कई लोगों ने वर्मा से सार्वजनिक माफी की मांग भी की है।
फिलहाल, रामगोपाल वर्मा ने इस विवाद पर कोई सफाई नहीं दी है। उनका यह ट्वीट अब भी उनके प्रोफाइल पर उपलब्ध है और सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है।
यह भी पढ़ें:
लैपटॉप फुल चार्ज, सिर्फ मिनटों में: यह नया चार्जर बदल सकता है गेम
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check