म्यांमार के 39 सैनिकों को मिजोरम पुलिस ने हिरासत में लिया

म्यांमार में तनावपूर्ण स्थिति के बीच मिजोरम पुलिस ने म्यांमार के 39 सैनिकों को हिरासत में लिया है। पीपुल्स डिफेंस फोर्स (पीडीएफ) द्वारा पीछा किए जाने के बाद म्यांमार सीमा को अवैध रूप से पार करने के आरोप में हिरासत में लिए गए इन सैनिकों को मिजोरम के जोखावथार पुलिस स्टेशन भेज दिया गया।

स्थानीय सूत्रों ने बताया कि म्यांमार के दोनों सैन्य शिविरों में करीब 60-60 सैन्यकर्मी थे। यह भी सूचना है कि पीडीएफ ने म्यांमार सेना के अधिकांश कर्मियों को दो शिविरों में मार दिया है। म्यांमार सेना द्वारा जेट लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों का उपयोग करने के बावजूद, पीडीएफ सेनानियों ने मिजोरम सीमा पर म्यांमार के दो शिविरों पर कब्जा कर लिया है।

यंग मिजो एसोसिएशन (वाईएमए) कल से शरणार्थियों और गोलीबारी में घायल हुए लोगों की सक्रिय रूप से देखभाल कर रहा है। वाईएमए उप-मुख्यालय चंफाई ने घायल व्यक्तियों के लिए 44 यूनिट रक्तदान किया है।इस बीच, नागरिकों सहित 42 घायलों को चंफाई जिला अस्पताल ले जाया गया। जोखावथार से अस्पताल ले जाते समय एक की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल नौ लोगों को बेहतर इलाज के लिए आइजोल रेफर किया गया है। यंग मिजो एसोसिएशन द्वारा घायलों को आइजोल में भर्ती कराया गया है। संगठन उनकी देखभाल कर रहा है।