भारत में एक दिन में कोविड-19 के 14 नये मामले मिलने के साथ ही उपचाराधीन मरीजों की संख्या 230 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी दी।
मंत्रालय द्वारा सुबह आठ बजे जारी किये गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में अब तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या 4.50 करोड़ (4, 50, 01, 376) तक पहुंच गई है, जबकि मृतकों की संख्या 5, 33, 294 है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, इस जानलेवा संक्रमण से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4, 44, 67, 852 हो गई है और स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 98.81 प्रतिशत है। कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है।
मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, देश में टीकाकरण अभियान शुरू होने के बाद से कोविड-19 रोधी टीकों की अब तक 220.67 करोड़ खुराक दी जा चुकी है।
Navyug Sandesh Hindi Newspaper, Latest News, Findings & Fact Check